यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की का बड़ा ऐलान: युद्ध खत्म, तो मैं पद छोड़ दूंगा

सीजफायर के बाद चुनाव कराने का वादा, शांति ही प्राथमिकता

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस के साथ चल रहे करीब चार साल के युद्ध के बीच बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य युद्ध को समाप्त करना है और जब यह पूरा हो जाएगा, तो वह राष्ट्रपति पद से हटने के लिए तैयार हैं। जेलेंस्की ने यह भी कहा कि अगर रूस के साथ सीजफायर हो जाता है, तो वह संसद से चुनाव कराने की सिफारिश करेंगे। उनका मानना है कि शांति कायम करना किसी पद पर बने रहने से ज्यादा महत्वपूर्ण है।

Axios को दिए गए इंटरव्यू में जेलेंस्की ने बताया कि युद्ध की वजह से यूक्रेन में चुनाव अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गए हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा स्थिति और संविधान दोनों ही चुनौतियां पेश करते हैं, लेकिन चुनाव संभव हैं। संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) से कीव लौटने के बाद न्यूयॉर्क में दिए इंटरव्यू में जेलेंस्की ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से हुई बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि यदि सीजफायर होता है, तो इसे चुनाव की तैयारी में इस्तेमाल किया जा सकता है।

जेलेंस्की ने कहा कि लोग एक नए जनादेश वाले नेता की चाहत रखते हैं, जो देश में स्थायी शांति कायम करने के लिए जरूरी फैसले ले सके। उन्होंने यह भी माना कि सुरक्षा कारणों से फिलहाल चुनाव कराना मुश्किल होगा, लेकिन यह असंभव नहीं।

याद रहे, जेलेंस्की 2019 में भारी मतों से निर्वाचित हुए थे। उनका पांच साल का कार्यकाल मई 2024 में समाप्त होना था, लेकिन युद्ध के कारण हालात बदल गए। युद्ध की शुरुआत में उनकी लोकप्रियता लगभग 90% तक पहुंची थी, हालाँकि बाद में यह कुछ घटकर 60% से अधिक रह गई।

यूक्रेन का लगभग 20% हिस्सा अभी रूस के कब्जे में है और लाखों लोग विस्थापित हैं। मार्शल लॉ के तहत चुनावों पर रोक है, और सुरक्षा कारणों से चुनाव कराना चुनौतीपूर्ण है। जेलेंस्की ने यह साफ किया कि उनका उद्देश्य पद नहीं बल्कि देश में शांति कायम करना है।

इस ऐलान के बाद विश्व और यूक्रेन दोनों में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। अब सबकी नजरें सीजफायर और आगामी चुनावों पर टिकी हैं।

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *