हरिओम वाल्मीकि केस: राहुल गांधी बोले—न्याय जरूरी

राहुल गांधी ने हरिओम वाल्मीकि के परिवार से की मुलाकात, बोले—“न्याय मिलना चाहिए”

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को दलित युवक हरिओम वाल्मीकि के परिवार से मिलने पहुंचे और परिवार को ढांढस बंधाया। राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मैं परिवार से मिलूं या न मिलूं, लेकिन उन्हें न्याय तो मिलना चाहिए।

राहुल गांधी सुबह कानपुर से सड़क मार्ग के जरिए फतेहपुर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इससे पहले हरिओम के परिवार ने राहुल गांधी से मिलने से इनकार कर दिया था, जिसके कारण प्रशासन ने उनके काफिले को रोक दिया था। बाद में बातचीत के बाद प्रशासन ने मुलाकात की अनुमति दे दी।

राहुल गांधी ने कहा कि परिवार ने बताया कि आज सरकार के लोग उन्हें धमका रहे हैं और धमकाकर वीडियो बनवाया गया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि परिवार ने कोई अपराध नहीं किया है, बल्कि उनके खिलाफ अपराध किया गया है। राहुल ने कहा, “सरकार ने घर में उन्हें बंद रखा है, डरा रही है। वे केवल न्याय मांग रहे हैं। पूरे देश में दलितों के साथ अत्याचार हो रहे हैं। मैं मुख्यमंत्री से कहना चाहता हूं कि पीड़ितों को न्याय और सम्मान दीजिए और अपराधियों पर तुरंत कार्रवाई कीजिए।”

परिवार के मुलाकात से इनकार करने के सवाल पर राहुल ने बताया कि परिवार ने कहा कि सरकार के लोगों ने उन्हें धमकाया था और कहा कि राहुल गांधी से नहीं मिलना है। इससे पहले राहुल गांधी काफी देर तक हरिओम के घर के बाहर मौजूद रहे। मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ता जमा हो गए और नारेबाजी करने लगे। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन पर मुलाकात रोकने के आरोप लगाए।

फतेहपुर के एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी ने कहा कि राहुल गांधी को जेड प्लस सुरक्षा मिली हुई है और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने मृतक के परिवार को हरसंभव मदद दी है। मुख्यमंत्री राहत कोष से हरिओम की पत्नी और पिता को आर्थिक सहायता मिली है, जबकि उनके भाई और बहन को सरकारी नौकरी दी गई है।

दरअसल, रायबरेली में 2 अक्टूबर को हरिओम वाल्मीकि की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद यूपी सरकार ने आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को आर्थिक और सरकारी मदद प्रदान की है।

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *