खेसारी का ये पोस्ट बीजेपी के नेताओं को बहुत चुभने वाला है


क्या खेसारी लाल यादव उतरेंगे राजनीति में? सोशल मीडिया पोस्ट से बढ़ी चर्चाएं
भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव अपने अलग अंदाज और बेबाक बयानबाज़ी के लिए दर्शकों के बीच खासे लोकप्रिय हैं। अक्सर वह संतों के मंच पर या राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों के लिए चुनावी प्रचार करते हुए नजर आते हैं।

जैसे ही खेसारी किसी राजनीतिक दल के मंच पर दिखाई देते हैं। मीडिया में यह सवाल उठने लगता है कि क्या वह भी भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के बाकी सितारों की तरह राजनीति में कदम रखने वाले हैं? हालांकि, अब तक खेसारी कई बार इन अटकलों को नकार चुके हैं।

इस बार खेसारी के सोशल मीडिया पोस्ट ने एक बार फिर राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे दी है। अपने X प्लेटफॉर्म पर उन्होंने लिखा:
“फिर बोलेगा लोग कि खेसरिया बहुत बोल रहा है 😠।
ढोल पीटने से पहले ये सोच लेते कि बिहार से कितने लोगों को दूसरे राज्यों में काम करने जाना पड़ता है।
पूछिएगा अपने रिश्तेदार से कि कन्फर्म टिकट भी मिला या नहीं, इतना के बाद?
सेमीकंडक्टर प्लांट दूसरे राज्य में लगता, जबकि अमृत भारत ट्रेन बिहार के लिए। ठीक है 🫵🏻।”
क्यों बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी?
दरअसल, हाल ही में केंद्र सरकार ने दिवाली और छठ पूजा के अवसर पर 12,000 से अधिक विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि 13 अक्टूबर से 26 अक्टूबर के बीच जाने वाली और 17 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच वापसी करने वाली यात्रा पर यात्रियों को रिटर्न टिकट पर 20% की छूट मिलेगी।

इसी मुद्दे को लेकर खेसारी ने सरकार के फैसले पर निशाना साधा। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब बिहार में चुनावी सरगर्मी तेज हो चुकी है। विपक्ष लगातार एनडीए सरकार को पलायन और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर घेर रहा है।
तेजस्वी यादव से मुलाकात भी बनी चर्चा का कारण
गौरतलब है कि खेसारी हाल ही में बिहार के नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव से मिले थे। उन्हें अपना बड़ा भाई बताया था। ऐसे में मोदी सरकार के फैसले के खिलाफ खेसारी की यह पोस्ट में चर्चा का विषय बन गई है।
भोजपुरी सितारे और राजनीति
भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े नाम पहले से राजनीति में सक्रिय हैं।
रवि किशन, मनोज तिवारी और दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ भाजपा से जुड़े हैं।
पवन सिंह ने भी भाजपा का दामन थामा था, लेकिन टिकट न मिलने पर लोकसभा चुनाव में निर्दलीय उतरे।
वर्तमान में खेसारी लाल यादव ही ऐसे बड़े स्टार हैं जो किसी भी राजनीतिक दल से सीधे तौर पर नहीं जुड़े हैं। हालांकि उन्होंने अलग-अलग चुनावों में कभी भाजपा तो कभी राजद के मंच पर प्रचार जरूर किया है।
क्या राजनीति में एंट्री लेंगे खेसारी?
इस पोस्ट के बाद यह कयास लगाया जा रहा है कि क्या आने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में खेसारी विपक्षी खेमे के साथ नजर आएंगे या यह सिर्फ जनता की समस्याओं पर उनका व्यक्तिगत रिएक्शन है।