महागठबंधन में बढ़ी फूट, मेनिफेस्टो पर भी नहीं बनी बात
बिहार महागठबंधन में फिर रार! कैंपेन और मेनिफेस्टो पर RJD-कांग्रेस में टकराव
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन के भीतर दरार एक बार फिर गहराती दिखाई दे रही है। आरजेडी और कांग्रेस के बीच आपसी तकरार अब इस स्तर तक पहुंच चुकी है कि साझा चुनाव प्रचार अभियान और साझा घोषणा पत्र (मेनिफेस्टो) पर भी संकट गहराने लगा है।
सूत्रों के अनुसार, कई सीटों पर ‘फ्रेंडली फाइट’ यानी आपसी मुकाबले की स्थिति बनने के बाद दोनों दलों के बीच दूरी बढ़ती जा रही है। महागठबंधन की मेनिफेस्टो ड्राफ्ट कमेटी अब तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। आरजेडी और कांग्रेस दोनों के अपने-अपने चुनावी वादे और घोषणाएं हैं, लेकिन उन्हें एक साझा प्रारूप में ढालने पर सहमति नहीं बन पा रही है।
कांग्रेस की ओर से स्थिति को संभालने की कोशिशें जारी हैं। माना जा रहा है कि पार्टी के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत इस मुद्दे को सुलझाने के लिए आज पटना पहुंच सकते हैं। वे तेजस्वी यादव से मुलाकात कर सकते हैं ताकि दोनों दलों के बीच पैदा हुई खटास को दूर किया जा सके। इस बीच, कांग्रेस हाईकमान ने बिहार प्रभारी कृष्ण अल्लावारु को फिलहाल पीछे कर दिया है, जिससे साफ संकेत मिलते हैं कि पार्टी नए सिरे से संबंध सुधारने की कोशिश में है।
वहीं, एनडीए ने महागठबंधन में चल रहे इस घमासान पर तंज कसना शुरू कर दिया है। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि महागठबंधन में असल में कोई एकता नहीं है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, “लालू प्रसाद यादव ही एकमात्र नेता हैं, बाकी सब पार्टियां महत्वहीन हैं। कोई SIR नेता अपने हनीमून पीरियड में है और अब बिहार की राजनीति में कहीं नजर नहीं आ रहा।”
महागठबंधन के भीतर इस आंतरिक संघर्ष का सीधा असर चुनावी रणनीति पर पड़ सकता है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या आरजेडी और कांग्रेस आख़िरकार साझा घोषणा पत्र और प्रचार अभियान पर एक मंच पर आ पाएंगे, या यह मतभेद चुनावी नुकसान में तब्दील हो जाएगा?

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

