अमेरिका-वेनेजुएला तनाव: ट्रंप ने मादुरो को देश छोड़ने की चेतावनी दी
ट्रंप ने मादुरो को चेतावनी दी, अमेरिका ने वेनेजुएला एयरस्पेस बंद किया
वॉशिंगटन/काराकास: अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को चेतावनी दी है कि यदि वह और उनका परिवार सुरक्षित रहना चाहते हैं तो उन्हें तुरंत देश छोड़ देना चाहिए।
सूत्रों के अनुसार, ट्रंप ने मादुरो, उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस और उनके बेटे को सुरक्षित देश में जाने का विकल्प दिया। शर्त यह थी कि वे तुरंत वेनेजुएला छोड़ दें। मादुरो सरकार ने इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया और वार्ता विफल रही।
इस बीच, ट्रंप ने वेनेजुएला के हवाई क्षेत्र को बंद करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सभी एयरलाइंस, पायलट और ह्यूमन ट्रैफिकर्स को वेनेजुएला के ऊपर और आसपास उड़ानों से बचना चाहिए। मादुरो प्रशासन ने इसे देश की संप्रभुता पर हमला बताया और अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन करार दिया।
अमेरिका का कहना है कि वेनेजुएला के रास्ते उनके देश में ड्रग्स की सप्लाई हो रही है। इसी कारण से अमेरिका ने कैरेबियन सागर में हाल के हफ्तों में सैन्य कार्रवाई तेज की है। रिपोर्टों के अनुसार अमेरिकी नौसेना ने 20 से अधिक जहाजों पर हमला किया और 80 से अधिक संदिग्धों को निशाना बनाया।
ट्रंप ने गुरुवार (27 नवंबर) को थैंक्सगिविंग डे के मौके पर सैनिकों को संदेश दिया कि जमीन पर कार्रवाई जल्दी शुरू की जाएगी। इस क्षेत्र में अमेरिकी नौसेना के यूएसएस गेराल्ड फोर्ड जैसे एयरक्राफ्ट कैरियर तैनात किए गए हैं और लगभग 15,000 सैनिकों को मोर्चा संभालने के लिए भेजा गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका-वेनेजुएला संबंध और तनावपूर्ण हो सकते हैं। यदि अमेरिका ने किसी समय सैन्य कार्रवाई की तो इसके अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय असर गंभीर हो सकते हैं। फिलहाल दोनों देशों की सरकारों की ओर से कोई नई टिप्पणी नहीं आई है।
यह कदम अंतरराष्ट्रीय राजनीति और अमेरिका-लैटिन अमेरिका संबंधों के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ के रूप में देखा जा रहा है।

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

