IndiGo उड़ानें फिर शुरू, CEO तलब, 827 करोड़ का रिफंड

इंडिगो उड़ान सेवाओं में सुधार जारी, सरकार करेगी सख्त कार्रवाई

मुंबई। इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान सेवाएं 8 दिसंबर 2025 को भी पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाईं। 15 दिसंबर तक रद्द की गई उड़ानों के रिफंड की प्रक्रिया अभी जारी है। अब तक कंपनी ने कुल 827 करोड़ रुपये यात्रियों को वापस किए हैं। सूत्रों के अनुसार, नागरिक उड्डयन मंत्रालय और DGCA के अधिकारी 9 दिसंबर की सुबह 11 बजे इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स से पूछताछ करेंगे। इसके बाद एविएशन मंत्री राम मोहन नायडू 9 दिसंबर को लोकसभा में इस मामले पर विस्तृत बयान देंगे।

आज इंडिगो ने 1800 से अधिक उड़ानें संचालित की हैं। 7 दिसंबर को यह संख्या 1,650 थी। फंसे हुए यात्रियों की मदद के लिए 1 से 7 दिसंबर के बीच कंपनी ने 9,500 से अधिक होटल कमरे, करीब 10,000 कैब और बसें उपलब्ध कराईं। साथ ही 4,500 से अधिक बैग यात्रियों तक पहुंचाए गए हैं और बाकी बैग अगले 36 घंटों में वितरित किए जाएंगे। हर दिन लगभग 2 लाख ग्राहक कंपनी के विभिन्न सहायता चैनलों के माध्यम से सेवा प्राप्त कर रहे हैं।

एविएशन मंत्री राम मोहन नायडू ने राज्यसभा में बताया कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और जांच पूरी होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह समस्या इंडिगो के आंतरिक संचालन में हुई खामियों के कारण उत्पन्न हुई, जिसमें क्रू रोस्टरिंग और योजना में त्रुटियां शामिल थीं।

नायडू ने बताया कि फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियम सभी एयरलाइंस के लिए लागू किए गए हैं। कुल 22 नियमों में से 15 नियम 1 जुलाई से और बाकी सात 1 नवंबर 2025 से प्रभावी हुए। डीजीसीए इन नियमों पर लगातार एयरलाइंस के साथ बातचीत करता रहा। उन्होंने कहा कि 1 दिसंबर को इंडिगो से भी नियमों पर चर्चा हुई, लेकिन इस दौरान किसी ने समस्या का संकेत नहीं दिया।

इस बीच सरकार यात्रियों के रिफंड, सामान की डिलीवरी और अन्य सेवाओं की निगरानी कर रही है, ताकि व्यवधान कम से कम हो और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचा जा सके।

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *