तुर्कमान गेट हिंसा के बाद फैज-ए-इलाही मस्जिद में जुमे की नमाज, सुरक्षा कड़ी

जुमे की नमाज से पहले इलाके में पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात, लोगों से शांति बनाए रखने की अपील

तुर्कमान गेट इलाके में हाल ही में हुई पत्थरबाजी और हिंसा के बाद आज फैज-ए-इलाही मस्जिद में जुमे की नमाज अदा की जाएगी। हालात को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की है। मस्जिद प्रशासन और पुलिस मिलकर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहे हैं।

दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, मस्जिद और आसपास के पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। किसी भी तरह की अव्यवस्था से निपटने के लिए पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है। मस्जिद के मुख संरक्षक नजमुद्दीन चौधरी ने लोगों से संयम और समझदारी दिखाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए लोग अपने घरों या नजदीकी मस्जिदों में नमाज अदा करें और अनावश्यक भीड़ से बचें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा बल पूरे इलाके पर लगातार नजर रखे हुए हैं और हालात नियंत्रण में हैं।
दरअसल, 6 नवंबर की देर रात तुर्कमान गेट क्षेत्र में फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अवैध अतिक्रमण हटाने के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। दिल्ली नगर निगम की कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने विरोध किया, जो कुछ ही समय में हिंसा में बदल गया। इस दौरान पुलिस और एमसीडी की टीम पर पथराव हुआ, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।

हालात बिगड़ने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा और इसके बाद इलाके में भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीएनएस की धारा 163 लागू की गई थी, जिसके तहत चार से अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक लगाई गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस फॉरेंसिक जांच के जरिए हिंसा के कारणों की पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन का पूरा फोकस इलाके में शांति और सामान्य स्थिति बनाए रखने पर है और लोगों से सहयोग की अपील की गई है।

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *