हिंदुओं के नरसंहार पर बनी फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ की रिलीज पर बंगाल में रोक

निर्देशक विवेक अग्निहोत्री का आरोप, पुलिस ने सीधे कहा कि फिल्म हिंदू नरसंहार की अनकही कहानी दिखाती है, इसलिए रिलीज़ नहीं होने दी जा रही।

बंगाल में ‘द बंगाल फाइल्स’ की रिलीज़ पर रोक, पल्लवी जोशी ने राष्ट्रपति से लगाई गुहार

नई दिल्ली: नैशनल अवार्ड विनर अभिनेत्री पल्लवी जोशी ने अपनी नई फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर अपील की है कि फिल्म को पश्चिम बंगाल में रिलीज़ करने की अनुमति दी जाए। पल्लवी का कहना है कि बंगाल में थिएटर मालिक दबाव में हैं और पुलिस की अनौपचारिक चेतावनियों के कारण फिल्म को रिलीज़ करने से डर रहे हैं।

यह फिल्म जाने-माने निर्देशक विवेक अग्निहोत्री द्वारा निर्देशित है और पल्लवी जोशी ने इसे प्रोड्यूस भी किया है। दोनों पति-पत्नी की यह जोड़ी पहले ‘द कश्मीर फाइल्स’ जैसी चर्चित और विवादित फिल्म बना चुकी है।

न्यूज़ एजेंसी ANI से बात करते हुए पल्लवी ने कहा

एक महिला होने के नाते मैंने राष्ट्रपति को पत्र लिखा है ताकि हमारी फिल्म बंगाल में शांति से रिलीज़ हो सके।
“हमारी फिल्म बंगाल में रिलीज नहीं हो रही है। जब फिल्म ‘मां भारती’ पर बनी है, तो उसका बंगाल में रिलीज होना बेहद ज़रूरी है। एक महिला होने के नाते मैंने राष्ट्रपति को पत्र लिखा है ताकि हमारी फिल्म बंगाल में शांति से रिलीज हो सके।”

उन्होंने आगे कहा, “बंगाल के थियेटर मालिकों ने हमें बताया है कि पुलिस ने उन्हें कहा है कि अगर फिल्म रिलीज की तो इसके नतीजे भुगतने होंगे। कोई आधिकारिक आदेश नहीं आया है, लेकिन वे डरे हुए हैं। अगर फिल्म को बैन किया गया तो मैं कानूनी रास्ता अपनाऊंगी। अगर ममता जी फिल्म देखेंगी, तो एक बंगाली होने के नाते उन्हें इस पर गर्व होगा। उन्हें कम से कम एक बार फिल्म ज़रूर देखनी चाहिए।”

निर्देशक विवेक अग्निहोत्री का आरोप

विवेक अग्निहोत्री ने कहा, “जब इस देश में मुस्लिम इतिहास पर फिल्में बनाई जा सकती हैं, तो क्या हिंदू इतिहास पर फिल्में नहीं बनाई जा सकतीं? यह भारत का इतिहास है, और इसका हिंदू या मुस्लिम से कोई लेना-देना नहीं है।”

उन्होंने आगे कहा, “मैंने सोचा था कि फिल्म की एक प्राइवेट स्क्रीनिंग आयोजित करूँगा, लेकिन मुझे बताया गया है कि उसे भी बाधित किया जाएगा। इसका मतलब साफ है कि यह सब राज्य की तरफ से ही कराया जा रहा है।”

फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ को लेकर बंगाल में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। जहां एक तरफ समर्थक इसे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक नजरिए से ज़रूरी बता रहे हैं, वहीं विरोधियों का कहना है कि यह फिल्म राज्य में तनाव बढ़ा सकती है। थिएटर मालिकों की चुप्पी और डर ने इस विवाद को और गहरा कर दिया है।

फिलहाल, यह देखना दिलचस्प होगा कि राष्ट्रपति को लिखे गए पल्लवी जोशी के पत्र और उनके बयान के बाद बंगाल सरकार की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *