मंत्री जीवेश मिश्रा के खिलाफ FIR कराने दरभंगा पहुंचे तेजस्वी!

मंत्री जीवेश मिश्रा पर मारपीट और गाली-गलौज का आरोप

दरभंगा: बिहार की राजनीति में नया बवाल खड़ा हो गया है। शहरी विकास एवं निकाय मंत्री जीवेश मिश्रा पर एक स्थानीय पत्रकार से मारपीट और गाली-गलौज का आरोप लगा है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए इस पूरे मामले को उठाया और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला।

तेजस्वी यादव का आरोप है कि जब अतिपिछड़ा समाज से आने वाले एक निष्पक्ष पत्रकार ने क्षेत्र की जर्जर सड़कों को लेकर सवाल किया, तो मंत्री जीवेश मिश्रा और उनके समर्थकों ने बेरहमी से उसकी पिटाई कर दी और उसके परिवार को लेकर अभद्र गालियां भी दीं।

तेजस्वी यादव ने लिखा—
“नकली दवा बेचकर लोगों की जान से खिलवाड़ करने वाला और दवा चोरी के मामले में सजायाफ्ता मंत्री आज नीतीश कुमार की कैबिनेट में बैठा है। अब वही मंत्री पत्रकारों को गाली देकर पीट रहा है।”

उन्होंने सवाल उठाया कि—
“क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पर चुप रहेंगे? क्या दिल्ली के स्टूडियो में बैठे पत्रकार इस पर डिबेट करेंगे या उनकी अंतरात्मा जागेगी?”

तेजस्वी ने नीतीश कुमार को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री “अचेत, बेसुध और मानसिक रूप से अस्वस्थ” हो गए हैं।

इस विवाद के बीच तेजस्वी यादव आज दरभंगा पहुंचे। यहां उन्होंने उस पत्रकार से मुलाकात की, जिसने मंत्री पर कथित तौर पर मारपीट और गाली-गलौज का आरोप लगाया है। इसके बाद वे पत्रकार के साथ मंत्री के ख़िलाफ़ FIR करने दरभंगा के सिंहवाड़ा थाने भी गए और कठोर कार्रवाई की मांग की।

जीवेश मिश्रा दरभंगा जिले की जाले विधानसभा सीट से विधायक हैं और वर्तमान में वे भाजपा कोटे से नीतीश कुमार की कैबिनेट में मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। राजस्थान की एक अदालत ने उन्हें करीब 15 साल पुराने नकली दवा मामले में दोषी ठहराया था। हालांकि अदालत ने इस मामले में जुर्माना अदा करने और कुछ शर्तों के पालन के बाद उन्हें रिहा करने का आदेश दे दिया था।

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *