अगस्त्य नंदा की फिल्म ‘इक्कीस’ ने बॉक्स ऑफिस पर की शानदार शुरुआत, पहले दिन कमाए 4.58 करोड़
धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म को मिला दर्शकों और क्रिटिक्स का जबरदस्त रिस्पॉन्स
अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा की फिल्म ‘इक्कीस’ इस साल रिलीज होने वाली पहली बॉलीवुड फिल्म बन गई है और रिलीज के साथ ही इसने दर्शकों और क्रिटिक्स—दोनों का ध्यान खींच लिया है। 1971 के भारत-पाक युद्ध में शहीद हुए सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल की सच्ची कहानी पर आधारित यह फिल्म भावनात्मक होने के साथ-साथ दमदार अभिनय और निर्देशन की वजह से चर्चा में बनी हुई है।
यह फिल्म दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म भी बताई जा रही है और उनके अभिनय को दर्शकों से जबरदस्त सराहना मिल रही है। खास बात यह है कि रिलीज के दिन फिल्म को ‘धुरंधर’ जैसी बड़ी फिल्म से कड़ी टक्कर मिली, इसके बावजूद ‘इक्कीस’ को सिनेमाघरों में अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है
ओपनिंग डे पर दमदार कमाई
श्रीराम राघवन के निर्देशन में बनी ‘इक्कीस’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। सैक्निल्क के मुताबिक, फिल्म ने ओपनिंग डे पर शाम 6:05 बजे तक 4.58 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। हालांकि यह आंकड़ा शुरुआती है और फाइनल डेटा आने के बाद इसमें बदलाव संभव है, लेकिन शुरुआती रुझान फिल्म के लिए बेहद सकारात्मक माने जा रहे हैं।
क्रिटिक्स से मिले अच्छे रिव्यू
फिल्म को समीक्षकों से भी अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। एबीपी न्यूज ने अपने रिव्यू में फिल्म को 4 स्टार दिए हैं। रिव्यू में कहा गया है कि अगस्त्य नंदा ने शहीद अरुण खेत्रपाल के किरदार को पूरी ईमानदारी से निभाया है और उनके अभिनय में गहराई साफ नजर आती है। कई समीक्षकों का मानना है कि अगस्त्य ने अपने अभिनय से साबित कर दिया है कि वे अमिताभ बच्चन के परिवार की विरासत को आगे ले जाने की क्षमता रखते हैं।
फिल्म से जुड़ी खास बातें
‘इक्कीस’ को मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनाया गया है, जिसके निर्माता दिनेश विजान हैं। इससे पहले पिंकविला ने फिल्म के ओपनिंग डे कलेक्शन का अनुमान करीब 3.5 करोड़ रुपये लगाया था, लेकिन फिल्म ने शुरुआती घंटों में ही इस आंकड़े को पार कर लिया।
अगस्त्य नंदा और धर्मेंद्र के अलावा फिल्म में जयदीप अहलावत भी अहम भूमिका में नजर आ रहे हैं, जिनकी परफॉर्मेंस को फिल्म की बड़ी ताकत माना जा रहा है। मौजूदा रुझानों को देखते हुए माना जा रहा है कि ‘इक्कीस’ आने वाले दिनों में जल्द ही हिट फिल्म की कैटेगरी में शामिल हो सकती है।

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

