बिहार बंद के दौरान अजीत कुमार का वीडियो वायरल, RJD-BJP आमने-सामने

दरभंगा में पीएम मोदी की मां पर अभद्र टिप्पणी से सियासत गरमाई, एनडीए ने किया बंद का आह्वान, सोशल मीडिया पर अजीत कुमार का वीडियो बना विवाद का केंद्र

वोटर अधिकार यात्रा के दौरान बिहार के दरभंगा में महागठबंधन के मंच से प्रधानमंत्री मोदी की स्वर्गीय मां के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। जिसके बाद से बिहार की सियासत में भूचाल आ गया। देशभर में बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष (लोकसभा) राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन किया। बिहार में भी एनडीए ने 4 सितंबर को बिहार बंद का आह्वान किया था। राजधानी पटना समेत प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोपहर 12:00 बजे तक बंद का आह्वान किया। इस दौरान कई जगहों पर मामूली झड़प भी देखने को मिली।

मुजफ्फरपुर में एक स्थान पर बिहार बंद का नेतृत्व बिहार सरकार में पूर्व मंत्री और कद्दावर भाजपा नेता अजीत कुमार कर रहे थे। अजीत कुमार का बंद के दौरान एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। इस वीडियो में एक पुलिस वाला अजीत कुमार को रास्ते से हटाने के लिए कह रहा है। अजीत कुमार भी पुलिस वाले को समझा रहे हैं। इसके बाद पूर्व मंत्री अजीत कुमार कुछ लोगों से कह रहे हैं कि “चलिए, प्रधानमंत्री की मां को गाली दिया गया है। आप गाली दीजिएगा”।

अजीत कुमार के इस वीडियो को अब राजद ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया है और लिखा है —
“जबरदस्ती भाजपाई गुंडों द्वारा थोपे गए बिहार बंद में इमरजेंसी केस समझाने गए दरोगा को 40 वर्ष से मंत्री होने का दावा करके भाजपा नेता अजीत कुमार ने किया बवाल!
ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मी को गाली दी, धमकाया और मारपीट करने को उतारू हो गए भाजपाई गुंडे!

नीतीश कुमार की पुलिस की यही औकात है भाजपा नेता के सामने”!

राजद द्वारा लगाए गए आरोप के बाद उनके समर्थकों की तरफ से भी प्रतिक्रिया आई है।
“ये हताशा है कांटी विधायक इसराइल मंसूरी और राष्ट्रीय जनता दल की। देश के प्रधानमंत्री की मां को कांग्रेस और राजद के मंच से गाली दी जाए और कांटी का शेर चुप रह जाए, ये हो नहीं सकता। अजीत कुमार अन्याय के खिलाफ आवाज नहीं उठाए, ऐसा हो ही नहीं सकता।”

बिहार में कुछ दिनों के बाद विधानसभा चुनाव होने वाला है। इंजीनियर अजीत कुमार कांटी विधानसभा से प्रमुख दावेदार हैं। क्षेत्र में उनका अपना दबदबा है और वे भूमिहार जाति से भी आते हैं। जिस तरीके से राजद ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया के माध्यम से उनको निशाने पर लिया है, यह इस बात का सबूत है कि बिहार में सियासी गर्मी अब हर क्षेत्र में पहुंच चुकी है।

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *