अक्षय कुमार का खुलासा: गेमिंग से शुरू हुआ साइबर क्राइम

बेटी के गेमिंग अनुभव से चिंतित हुए अक्षय कुमार, स्कूलों में साइबर जागरूकता की मांग

मुंबई : बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने हाल ही में एक ऐसा अनुभव साझा किया जिसने सभी को चौंका दिया। उन्होंने बताया कि कुछ महीने पहले उनके घर में उनकी बेटी एक वीडियो गेम खेल रही थी। इस गेम में ऑनलाइन अनजान लोगों के साथ भी खेला जा सकता है। खेलते समय एक अजनबी खिलाड़ी ने उनकी बेटी को संदेश भेजा—“Are you male or female?” (आप पुरुष हैं या महिला?)। उनकी बेटी ने जवाब दिया कि वह महिला है। इसके बाद उस अजनबी ने चौंकाने वाला मैसेज भेजा—“Can you send me nude pictures of yours?” (क्या आप अपनी नग्न तस्वीरें भेज सकती हैं?)।

अक्षय कुमार ने कहा कि सौभाग्य से उनकी बेटी ने तुरंत गेम बंद कर दिया और जाकर अपनी मां को यह बात बता दी। अभिनेता ने इसे एक गंभीर खतरे का उदाहरण बताते हुए कहा कि यही वह रास्ता है जिससे साइबर अपराध की शुरुआत होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामले दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे हैं और बच्चों के लिए यह बेहद खतरनाक हो सकता है।

अक्षय ने आगे कहा कि आज के समय में साइबर क्राइम, सड़क पर होने वाले अपराधों से भी बड़ा खतरा बन चुका है। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार और मुख्यमंत्री से अपील की कि स्कूलों में बच्चों को इस विषय पर जागरूक करने के लिए विशेष कदम उठाए जाएं। उन्होंने सुझाव दिया कि राज्य के सभी स्कूलों में कक्षा सातवीं से दसवीं तक हर सप्ताह “साइबर पीरियड” होना चाहिए। इस अवधि में बच्चों को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन व्यवहार, खतरे और उनसे बचाव के तरीकों के बारे में पढ़ाया जाए।

उन्होंने कहा कि बच्चों को यह समझाना बेहद जरूरी है कि इंटरनेट पर हर व्यक्ति विश्वसनीय नहीं होता। कई बार अपराधी मासूम बच्चों को फंसाने के लिए खेल, चैट या सोशल मीडिया का सहारा लेते हैं। यदि बच्चों को समय पर जागरूक नहीं किया गया, तो यह अपराध और भी तेजी से फैल सकता है।

अक्षय कुमार ने स्पष्ट कहा कि समाज को मिलकर साइबर अपराध के खिलाफ खड़ा होना होगा। परिवार, स्कूल और सरकार को साथ मिलकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए, क्योंकि आने वाले समय में यह समस्या और बड़ी चुनौती बनने वाली है।

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *