भारत को अमेरिका, रूस, इजराइल सहित दुनिया भर से शुभकामनाएं


79वें स्वतंत्रता दिवस पर भारत को दुनिया भर से शुभकामनाएं
79वें स्वतंत्रता दिवस पर भारत को दुनिया भर से शुभकामनाएं
देशभर में आज 79वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर न केवल भारत में उत्साह का माहौल रहा, बल्कि पड़ोसी देशों समेत दुनिया के कई शक्तिशाली राष्ट्रों ने भी भारत को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
अमेरिका ने दी बधाई
शुभकामना भेजने वाले देशों में अमेरिका भी शामिल है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रिव्यू ने भारत को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुभकामना संदेश भेजा। अपने संदेश में उन्होंने लिखा कि “भारत और अमेरिका साथ मिलकर आज विभिन्न प्रकार की आधुनिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। नई दिल्ली और वॉशिंगटन के बीच संबंध ऐतिहासिक, महत्वपूर्ण और दूरदर्शी हैं। हम दोनों देशों के उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करेंगे।”
गौरतलब है कि हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर 50% टैरिफ लगाने के बाद दुनिया भर में भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी।
रूस ने जताई शुभकामनाएं
भारत के सबसे पुराने मित्र देशों में से एक रूस भी पीछे नहीं रहा। रूसी दूतावास ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए भारत को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक संबंधों को रेखांकित किया।https://x.com/RusEmbIndia/status/1956256316554666349?t=fQufkmFIlmP7Vq3nnm16nA&s=19
सिंगापुर ने संबंधों को मजबूत करने पर दिया जोर
सिंगापुर के विदेश मंत्री विवियन बालकृष्णन ने भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बधाई दी और कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध मजबूत होते जा रहे हैं। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि “हाल ही में हुई मंत्री-स्तरीय मुलाकात ने हमारे संबंधों को और मजबूती दी है। हम अपने राजनीतिक संबंधों के 60 वर्ष पूरे होने पर गर्व महसूस कर रहे हैं।”
इजराइल ने दी बधाई
भारत का एक और करीबी मित्र देश इजराइल ने भी शुभकामनाएं दीं। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X पर पोस्ट करते हुए भारत को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और दोनों देशों के बीच साझेदारी को और मजबूत करने का भरोसा जताया।https://twitter.com/IsraeliPM/status/1956285622462644277?t=7rxCzLYQjAxJRmGWgqHY6Q&s=19
पड़ोसी देशों से भी शुभकामनाएं
नेपाल और मालदीव की तरफ से भी भारत को शुभकामना संदेश मिला।
नेपाल के विदेश मंत्री आरजू राणा देउबा ने भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को बधाई संदेश भेजते हुए कहा कि “भारत और नेपाल अपने लंबे और स्थायी साझेदारी को महत्व देते हैं। भारत के इस स्वतंत्रता दिवस पर हम भारतीय नागरिकों की निरंतर समृद्धि और विकास की कामना करते हैं। भारत का लोकतंत्र उज्ज्वल बना रहे और दुनिया के तमाम देशों को प्रेरित करता रहे।”
वहीं, मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने भारतीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “भारत हमेशा से मालदीव का विश्वसनीय साझेदार रहा है।”