भारत ने पाकिस्तान को हराया, गेंदबाजों का कहर और बल्लेबाजों का जलवा
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की, लेकिन भारत ने उन्हें 127 रनों पर रोका।
एशिया कप के हाईवोल्टेज मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। लेकिन टीम इंडिया ने शुरू से ही मैच पर पकड़ बना ली और पाकिस्तान की टीम पर लगातार नकेल कसी। भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन काबिले-तारीफ रहा। हार्दिक पांड्या ने अपने पहले ही ओवर में सफलता दिलाई, जबकि जसप्रीत बुमराह ने मैच के दूसरे ओवर में ही विकेट झटककर भारत को मजबूत शुरुआत दिला दी।

भारतीय गेंदबाजों में सबसे ज्यादा सफल कुलदीप यादव रहे, जिन्होंने तीन विकेट अपने नाम किए। वहीं अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह ने दो-दो विकेट झटके। हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती को भी एक-एक सफलता मिली। पूरी गेंदबाजी लाइनअप ने ऐसा दबदबा बनाया कि पाकिस्तान की टीम खुलकर खेल ही नहीं पाई। नतीजतन पाकिस्तान 20 ओवर में 9 विकेट खोकर सिर्फ 127 रन ही बना सका और भारत को 128 रनों का आसान लक्ष्य मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने भी शानदार शुरुआत की। शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा बतौर ओपनर मैदान पर उतरे। शुभमन गिल ने 20 गेंद खेलकर दो चौकों की मदद से 10 रन बनाए और आउट हो गए। दूसरी ओर अभिषेक शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी की और मात्र 13 गेंदों पर चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 31 रन जड़ दिए। उनकी पारी ने टीम इंडिया को तेज शुरुआत दिलाई।जबकि तिलक वर्मा 31 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

कप्तान सूर्यकुमार यादव जबरदस्त कप्तानी पारी खेलते हुए सबसे ज्यादा 47 रन बनाया और टीम इंडिया को जीत के मुकाम तक पहुंचाया। शुभम दूबे ने नाबाद 10 रन बनाएं। दूसरी पारी में भी भारतीय बल्लेबाजी पर किसी भी समय दबाव नहीं आया और टीम ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।
पूरी टीम इंडिया की बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग में जबरदस्त तालमेल देखने को मिला। भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान को कभी भी मैच में हावी होने का मौका नहीं दिया और मुकाबले को एकतरफा बनाए रखा।

इस मैच से पहले देश में कई राजनीतिक पार्टियों और संगठनों ने भारत-पाकिस्तान मुकाबले का विरोध भी किया था। उनका कहना था कि पहलगाम हमले के दोषी पाकिस्तान की टीम के साथ खेलना गलत है। लेकिन मैदान पर भारतीय टीम के प्रदर्शन ने माहौल पूरी तरह बदल दिया। पाकिस्तान पर दर्ज की गई इस जीत के बाद पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई है।
अब सभी की निगाहें टीम इंडिया के अगले मुकाबले पर टिकी हैं, जहां फैंस इसी लय को बरकरार देखने की उम्मीद कर रहे हैं।

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

