बांग्लादेश में एक और हिंदू युवक की हत्या, 10 दिनों में तीसरी घटना से बढ़ा तनाव
मयमनसिंह जिले की फैक्ट्री में सुरक्षा ड्यूटी के दौरान चली गोली, आरोपी गिरफ्तार; अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर फिर सवाल
बांग्लादेश में अल्पसंख्यक समुदाय के खिलाफ हिंसा की एक और गंभीर घटना सामने आई है। मयमनसिंह जिले में सोमवार (29 दिसंबर 2025) को एक हिंदू युवक की गोली लगने से मौत हो गई। यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब पिछले दस दिनों में यह तीसरा मामला है, जिसमें किसी हिंदू युवक की जान गई है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने देश में तनाव की स्थिति और गहरी कर दी है
जानकारी के मुताबिक यह घटना भालुका उपजिला क्षेत्र स्थित लबीब ग्रुप गार्मेंट की सुल्तान स्वेटर्स लिमिटेड फैक्ट्री में शाम करीब 6:45 बजे हुई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय बजेंद्र बिस्वास के रूप में हुई है, जो फैक्ट्री में सुरक्षा गार्ड के तौर पर तैनात थे। बजेंद्र बिस्वास अंसार के सदस्य थे और फैक्ट्री की सुरक्षा के लिए कुल 20 अंसार कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।
पुलिस और चश्मदीदों के अनुसार बजेंद्र बिस्वास अपने मुस्लिम साथी नोमान मिया के साथ फैक्ट्री परिसर में मौजूद थे। दोनों अंसार बैरक में रहते थे। बातचीत के दौरान नोमान मिया ने कथित तौर पर मजाक में अपनी बंदूक बजेंद्र की ओर तान दी। इसी दौरान अचानक ट्रिगर दब गया और गोली बजेंद्र की बाईं जांघ में लग गई। गंभीर रूप से घायल बजेंद्र को बचाया नहीं जा सका और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी नोमान मिया (उम्र 29 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
इस घटना से पहले 18 दिसंबर को इसी मयमनसिंह जिले में दीपू चंद्र दास की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी और बाद में बीच चौराहे पर उनके शव को जला दिया गया था। वहीं, ढाका में अमृत मंडल की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला भी सामने आया था, जिस पर कथित तौर पर हफ्ता मांगने का आरोप था।
लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हाल के महीनों में हिंदू समुदाय पर हमलों और हिंसा की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है। बजेंद्र बिस्वास की मौत के बाद एक बार फिर देश में तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, वहीं भारत में भी इन घटनाओं को लेकर नाराजगी और चिंता व्यक्त की जा रही है।

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

