बिहार में पहले चरण की वोटिंग संपन्न, 5 बजे तक 60.13% मतदान दर्ज
निर्वाचन आयोग की सख्त निगरानी में हुआ मतदान, 5 बजे तक 60.13% वोटिंग दर्ज
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान गुरुवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। राज्य के 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान हुआ। चुनाव आयोग के अनुसार, शाम 5 बजे तक औसतन 60.18 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई।
लोगों में मतदान को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला। मतदाताओं ने लंबी कतारों में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया और लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाई।
निर्वाचन आयोग के शीर्ष अधिकारी लगातार मतदान की हर गतिविधि पर नजर रख रहे हैं। दिल्ली स्थित निर्वाचन सदन के नियंत्रण कक्ष से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, निर्वाचन आयुक्त एस.एस. संधू और विवेक जोशी स्वयं राज्यभर के मतदान की स्थिति की लाइव निगरानी कर रहे हैं।

इस बार चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए कई तकनीकी कदम उठाए हैं। पहली बार राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे हर बूथ की गतिविधि की लाइव फीड नियंत्रण कक्ष तक पहुंचाई जा रही है। इससे किसी भी गड़बड़ी या अव्यवस्था पर तुरंत कार्रवाई की जा सकती है।
राज्य के 45,341 मतदान केंद्रों पर चार लाख से अधिक मतदान कर्मी और 65,481 पोलिंग एजेंट की तैनाती की गई है। आयोग का कहना है कि पूरे राज्य में मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी रहा।
जिलावार मतदान प्रतिशत (शाम 5 बजे तक)
सबसे अधिक मतदान बेगूसराय में 67.32% और सबसे कम शेखपुरा में 52.36% दर्ज किया गया।
- मधेपुरा – 65.74%
- सहरसा – 62.65%
- दरभंगा – 58.38%
- मुजफ्फरपुर – 65.23%
- गोपालगंज – 64.96%
- सारण – 60.90%
- समस्तीपुर – 66.65%
- पटना – 55.02%
दरभंगा जिले का मतदान प्रतिशत (3 बजे तक)
दरभंगा जिले में कुल मिलाकर लगभग 51.77% मतदान हुआ।
- कुशेश्वरस्थान – 54.07%
- गौड़ाबौराम – 46.68%
- बेनीपुर – 51.21%
- अलीनगर – 51.17%
- दरभंगा ग्रामीण – 51.43%
- दरभंगा शहरी – 48.91%
- हायाघाट – 51.59%
- बहादुरपुर – 54.71%
- केवटी – 55.62%
- जाले – 51.95%
चुनाव आयोग ने बताया कि पहले चरण में 1,314 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वहीं, दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को और मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी। आयोग ने मतदाताओं को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए उम्मीद जताई कि आगामी चरणों में भी लोग उसी जोश और शांति से मतदान में हिस्सा लेंगे, जैसा पहले चरण में देखा गया।

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

