दिल्ली–बड़ौत नई बस सेवा की शुरुआत, सीएम रेखा गुप्ता ने दिखाई हरी झंडी
“सीएम रेखा गुप्ता ने आईएसबीटी कश्मीरी गेट से नई बस सेवा का शुभारंभ किया, साथ ही PoS मशीन और ‘चलो ऐप’ लॉन्च किया।”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को राजधानी के यात्रियों को नई सौगात दी। उन्होंने आईएसबीटी कश्मीरी गेट से उत्तर प्रदेश के बड़ौत तक चलने वाली अंतरराज्यीय बस सेवा को हरी झंडी दिखाई। इस नई सुविधा से दिल्ली और यूपी के बीच यात्रा करने वाले हजारों लोगों को राहत मिलेगी।
सीएम ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक सफर उपलब्ध कराना है। बड़ौत जैसे औद्योगिक और व्यस्त इलाके के लिए सीधी बस सेवा से दिल्ली-एनसीआर के लोगों को बड़ी सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि यह पहल दोनों राज्यों के बीच कनेक्टिविटी को और मज़बूत बनाएगी।
इसी मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आधुनिक पीओएस मशीनें और ‘चलो ऐप’ भी लॉन्च किया। इन दोनों डिजिटल सुविधाओं के माध्यम से टिकटिंग की प्रक्रिया आसान और पारदर्शी हो जाएगी। यात्रियों को अब नकदी रखने की ज़रूरत नहीं होगी, क्योंकि वे सीधे कैशलेस भुगतान कर सकेंगे।
‘चलो ऐप’ के जरिए लोग अपनी बस की स्थिति, अनुमानित समय और किराए जैसी जानकारी घर बैठे प्राप्त कर सकेंगे। वहीं, पीओएस मशीनें यात्रियों को मौके पर ही टिकट बुक करने और भुगतान करने की सुविधा देंगी। इससे समय की बचत होगी और लंबी लाइनों की परेशानी भी कम होगी।
कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने बताया कि यह पहल दिल्ली सरकार की उस बड़ी योजना का हिस्सा है, जिसमें सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और यात्री हितैषी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। आने वाले समय में इस तरह की सुविधाएं अन्य रूट्स पर भी लागू की जाएंगी।
सीएम गुप्ता ने भरोसा दिलाया कि सरकार का लक्ष्य है कि दिल्ली-एनसीआर में यात्रा करना और भी सुविधाजनक और सुरक्षित बने। उन्होंने कहा कि नई बस सेवा और डिजिटल टिकटिंग सिस्टम से यात्रियों को एक नई अनुभव मिलेगा।

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

