2026 में फिर होगा भारत-पाकिस्तान क्रिकेट महामुकाबला, जानिए कितनी बार और कब होंगे मैच
अंडर-19 वर्ल्ड कप से लेकर मेंस और महिला टी20 वर्ल्ड कप तक आमने-सामने आ सकती हैं भारत-पाक टीमें
साल 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए सभी बड़े क्रिकेट मुकाबलों में टीम इंडिया का दबदबा देखने को मिला। चैंपियंस ट्रॉफी, एशिया कप और महिला ODI वर्ल्ड कप 2025 में भारत ने हर बार पाकिस्तान को हराया। अब क्रिकेट फैंस के मन में सवाल है कि क्या साल 2026 में भी भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले देखने को मिलेंगे? जवाब है—हां। साल 2026 में दोनों टीमें कई बड़े ICC टूर्नामेंट्स में आमने-सामने आ सकती हैं।
गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच खराब राजनीतिक रिश्तों के चलते लंबे समय से कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली जा रही है। दोनों टीमें अब सिर्फ ICC या एशियाई टूर्नामेंट जैसे बड़े इवेंट्स में ही आमने-सामने आती हैं।
अंडर-19 मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026
साल 2026 की शुरुआत अंडर-19 मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप से होगी, जो 15 जनवरी से 6 फरवरी तक खेला जाएगा। भारत और पाकिस्तान को इस टूर्नामेंट में अलग-अलग ग्रुप में रखा गया है। ऐसे में ग्रुप स्टेज में दोनों की भिड़ंत नहीं होगी, लेकिन यदि दोनों टीमें नॉकआउट चरण में पहुंचती हैं तो भारत-पाकिस्तान मुकाबला संभव है।
मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026
इसके बाद मेंस टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन 7 फरवरी से 8 मार्च तक किया जाएगा। इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान को ग्रुप A में रखा गया है, जिसमें नामीबिया, नीदरलैंड्स और यूएसए भी शामिल हैं।
भारत बनाम पाकिस्तान का ग्रुप मैच 15 फरवरी 2026 को खेला जाएगा। इसके अलावा यदि दोनों टीमें सुपर-8 या नॉकआउट चरण में पहुंचती हैं, तो एक से ज्यादा मुकाबले भी देखने को मिल सकते हैं
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026
साल 2026 में महिला टी20 वर्ल्ड कप भी खेला जाएगा, जिसका आयोजन 12 जून से 5 जुलाई के बीच होगा। इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान को ग्रुप A में रखा गया है।
महिला भारत-पाकिस्तान मुकाबला 14 जून 2026 को खेला जाएगा।
इस तरह साल 2026 में क्रिकेट फैंस को भारत और पाकिस्तान के बीच कम से कम दो पक्के मुकाबले देखने को मिलेंगे, जबकि नॉकआउट स्टेज में पहुंचने पर इनकी संख्या और बढ़ सकती है।

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

