भारत रूस से तेल खरीदेगा या नहीं? विदेश मंत्रालय ने दिया जवाब
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा। विदेश मंत्रालय ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि ऊर्जा खरीद भारत के लोगों के हितों के आधार पर की जाती है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में दावा किया कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें भरोसा दिलाया है। ट्रंप के इस बयान के ठीक बाद भारत के विदेश मंत्रालय की प्रतिक्रिया सामने आई।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार (16 अक्टूबर) को कहा कि भारत तेल और गैस का आयात अपने लोगों के हितों को ध्यान में रखकर करता है। हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर ट्रंप के दावे का खंडन नहीं किया। रणधीर जायसवाल ने कहा,
“भारत तेल और गैस का एक अहम आयातक है। अस्थिर ऊर्जा परिदृश्य में भारतीय उपभोक्ता के हितों की रक्षा करना हमारी प्राथमिकता रही है। हमारी आयात नीतियां पूरी तरह से इसी आधार पर बनाई जाती हैं। स्थिर ऊर्जा कीमतों और सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित करना हमारी ऊर्जा नीति के दो अहम लक्ष्य रहे हैं। इसके तहत हम अपने ऊर्जा स्रोतों का विस्तार कर रहे हैं और बाजार को देखते हुए कई बदलाव भी कर रहे हैं।”
विदेश मंत्रालय ने यह भी बताया कि भारत और अमेरिका के बीच ऊर्जा सहयोग पर बातचीत लगातार चल रही है। मंत्रालय ने कहा,
हमने पिछले कई सालों से अमेरिका से ऊर्जा खरीद को बढ़ाने की कोशिश की है। यह प्रयास पिछले दशक से लगातार जारी है। अमेरिका की वर्तमान सरकार ने भी भारत के साथ ऊर्जा सहयोग को मजबूत करने में दिलचस्पी दिखाई है और इस विषय पर बातचीत चल रही है।
ट्रंप ने कहा कि भारत के रूस से तेल खरीदने की वजह से उन्हें काफी परेशानी हुई। उन्होंने इस कारण भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ भी लगाया था। बुधवार को उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि पीएम मोदी ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा।
हालांकि, भारत पहले भी स्पष्ट कर चुका है कि वह रूस से तेल की खरीद अपने लोगों के हितों के आधार पर करेगा। भारत का रुख ऊर्जा सुरक्षा और उपभोक्ताओं के हितों को सर्वोपरि रखने वाला है, और इसके अनुसार ही तेल और गैस के स्रोतों का विस्तार किया जा रहा है।

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

