ढाका में जयशंकर से हाथ मिलाने पर पाक स्पीकर की शेखी, बोले– खुद चलकर मेरे पास आए

खालिदा जिया के अंतिम संस्कार के दौरान हुई भारत-पाक नेताओं की मुलाकात, पाकिस्तान में बयानबाज़ी तेज

भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से चली आ रही तल्ख़ी के बीच ढाका से सामने आई एक तस्वीर ने पाकिस्तान की सियासत में नया शोर खड़ा कर दिया है। तस्वीर में भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर और पाकिस्तान की नेशनल असेंबली के स्पीकर अयाज सादिक हाथ मिलाते दिखाई दे रहे हैं। इसी दृश्य को लेकर पाकिस्तान में बयानबाज़ी शुरू हो गई है

पाकिस्तानी स्पीकर अयाज सादिक ने इस मुलाकात को अपनी उपलब्धि के तौर पर पेश करते हुए दावा किया है कि बातचीत की पहल भारत की ओर से हुई। उनका कहना है कि ढाका में एस. जयशंकर खुद उनके पास आए और उनसे हाथ मिलाया।
दरअसल, यह मुलाकात बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के अंतिम संस्कार के दौरान हुई। इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए भारत और पाकिस्तान दोनों देशों के वरिष्ठ नेता ढाका पहुंचे थे। बुधवार को हुए इस कार्यक्रम के दौरान दोनों नेताओं के बीच यह संक्षिप्त लेकिन चर्चित मुलाकात हुई। मई में भारत-पाक के बीच हुए सैन्य तनाव के बाद इसे दोनों देशों के शीर्ष नेताओं की पहली सार्वजनिक आमने-सामने की घटना माना जा रहा है।

पाकिस्तान के जियो टीवी से बातचीत में अयाज सादिक ने बताया कि संसद के वेटिंग रूम में पहले से कई देशों के प्रतिनिधि मौजूद थे। इनमें पाकिस्तान के अलावा नेपाल, भूटान, मालदीव और बांग्लादेश के अधिकारी भी शामिल थे। इसी दौरान एस. जयशंकर भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ वहां पहुंचे।

सादिक के मुताबिक, जयशंकर ने अंदर आते ही सभी प्रतिनिधियों से शिष्टाचार मुलाकात की और फिर उनके पास आए। उस समय वह पाकिस्तान के हाई कमिश्नर से बातचीत कर रहे थे। सादिक का कहना है कि जब उन्होंने औपचारिक रूप से अपना परिचय देना चाहा, तो जयशंकर ने कहा कि वह उन्हें पहले से जानते हैं।

पाक स्पीकर ने यह भी जोर देकर कहा कि यह मुलाकात किसी बंद कमरे या पर्दे के पीछे नहीं हुई। उनके अनुसार, वहां कैमरे मौजूद थे और जयशंकर को यह पूरी तरह पता था कि यह दृश्य रिकॉर्ड हो रहा है और सार्वजनिक रूप से सामने आएगा। सादिक का दावा है कि भारतीय विदेश मंत्री इस क्षण के राजनीतिक संकेतों और उसके असर को भली-भांति समझते थे।

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *