खेसारी लाल बोले – NDA बताए, बिहार के लिए किया क्या?
भोजपुरी स्टार खेसारी लाल बोले – NDA ने बिहार के विकास के लिए कुछ नहीं किया।
बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। छपरा विधानसभा सीट से राजद उम्मीदवार और मशहूर भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव ने एनडीए पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “NDA के नेता हर मंच से जंगलराज का राग अलापते हैं, लेकिन वे यह नहीं बताते कि उन्होंने बिहार के विकास के लिए किया क्या है।”
खेसारी लाल यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि “योगी जी किसी के मुंह से जंगलराज सुन लेते हैं क्योंकि वे बिहार में रहे नहीं हैं। अगर वे एक बार छपरा आकर यहां के व्यापारियों और आम लोगों की तकलीफ देख लें, तो उन्हें असली स्थिति का पता चल जाएगा। तभी समझ पाएंगे कि लोग बदलाव क्यों चाहते हैं।”
उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से बिहार की जनता महंगाई, बेरोजगारी और व्यापार में गिरावट जैसी समस्याओं से जूझ रही है। व्यापारियों पर टैक्स और बढ़ती महंगाई का सीधा असर पड़ा है। ऐसे में अब जनता सरकार से जवाब चाहती है। खेसारी ने कहा कि बिहार की जनता अब उन नेताओं को नहीं चाहती जो केवल भाषणों में बड़े-बड़े वादे करते हैं लेकिन धरातल पर कुछ नहीं करते।
राजद उम्मीदवार ने दावा किया कि अगर उनकी पार्टी को मौका मिला तो वे छपरा को व्यापारिक और औद्योगिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के युवाओं को रोजगार देना और व्यापारियों के लिए बेहतर माहौल तैयार करना होगा।
खेसारी लाल यादव ने जनता से अपील की कि वे इस बार वोट डालते समय जाति या पार्टी नहीं, बल्कि विकास को ध्यान में रखें। उन्होंने कहा, “बिहार को अब कलाकारों के नहीं, कर्मठ नेताओं की जरूरत है। मैं जनता का सेवक बनकर काम करना चाहता हूं।”

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

