महाराष्ट्र में बाढ़, CM फडणवीस ने राहत के आदेश दिए
महाराष्ट्र में बाढ़ की मार, CM फडणवीस ने 2,215 करोड़ राहत राशि का आदेश दिया
महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कैबिनेट बैठक में स्थिति की समीक्षा की और प्रभावित लोगों की मदद के लिए तुरंत राहत और बचाव कार्य करने के आदेश दिए।
धाराशिव, अहिल्यानगर, जलगांव, बीड़ और परभणी जिलों में तेज बारिश के कारण घर और सड़कें जलमग्न हो गई हैं। धाराशिव में एनडीआरएफ की मदद से हेलीकॉप्टर के जरिए लोगों को सुरक्षित स्थान पर लाया गया। प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पानी और आश्रय की व्यवस्था की गई है।
राहत और बचाव कार्यों में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की 17 टीमें लगातार सक्रिय हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 8 लोगों की मौत और 10 लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज किया जा रहा है और मृतकों के परिवारों को तुरंत मुआवज़ा देने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य सरकार ने अब तक 2,215 करोड़ रुपये की राहत राशि जारी की है। इससे लगभग 31 लाख 64 हजार लोग लाभान्वित होंगे। इसमें प्रभावित किसानों और परिवारों के लिए विशेष पैकेज शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत कार्य तेज़ गति से किए जा रहे हैं ताकि प्रभावित लोग जल्द सुरक्षित स्थानों पर पहुँच सकें।
सीएम फडणवीस ने सभी मंत्रियों को प्रभावित जिलों का दौरा करने का निर्देश दिया। वे स्वयं और उपमुख्यमंत्री भी प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने जनता से अपील की कि वे सतर्क रहें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जन सुरक्षा, राहत और पुनर्वास है। प्रभावित क्षेत्रों में खाद्य, दवा और आवास की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। राज्य सरकार लगातार स्थिति पर नजर रख रही है और जल्द ही प्रभावित जिलों में स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

