बिहार में सियासी हलचल तेज, नीतीश कुमार के राज्यसभा नामांकन के बाद निशांत कुमार की भूमिका पर चर्चा
जेडीयू की बैठक से पहले बढ़ी अटकलें, निशांत कुमार को विधायक दल का नेता या डिप्टी सीएम बनाए जाने की चर्चा
बिहार की राजनीति इन दिनों बेहद गरमाई हुई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद राज्य में नई सरकार के गठन को लेकर अटकलों का दौर तेज हो गया है। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा और वह किस पार्टी से होगा। इसके साथ ही डिप्टी सीएम पद को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नई सरकार में नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की क्या भूमिका होगी। उनके संभावित रोल को लेकर सियासी गलियारों में कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
निशांत कुमार को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
निशांत कुमार को लेकर एक अहम अपडेट सामने आया है। बताया जा रहा है कि उन्हें जेडीयू विधायक दल का नया नेता चुना जा सकता है। इसके अलावा यह भी चर्चा है कि नई सरकार के गठन के बाद उन्हें डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो यह बिहार की राजनीति में एक बड़ा बदलाव माना जाएगा।
मुख्यमंत्री आवास पर लगातार बैठकों का दौर
नई सरकार को लेकर गठबंधन के भीतर भी बातचीत तेज हो गई है। इसी कड़ी में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर नीतीश कुमार से करीब 25 मिनट तक चर्चा की। वहीं जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की है। इन बैठकों को नई कैबिनेट के गठन और उसके स्वरूप से जोड़कर देखा जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, जेडीयू के अंदर नेतृत्व को लेकर किसी तरह की भ्रम की स्थिति न बने, इसके लिए नई सरकार में सिर्फ एक डिप्टी सीएम बनाने पर विचार हो रहा है। ऐसे में निशांत कुमार का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर बीजेपी की तरफ से मुख्यमंत्री पद के लिए अभी तक किसी नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन पार्टी के भीतर कई नामों पर चर्चा चल रही है।
आज शाम जेडीयू की अहम बैठक
इस बीच नीतीश कुमार ने आज शाम 5 बजे जेडीयू विधानमंडल दल की अहम बैठक बुलाई है। इस बैठक में पार्टी के सभी विधायक, विधान पार्षद और सांसदों को मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। माना जा रहा है कि इसी बैठक में निशांत कुमार को पार्टी की बड़ी जिम्मेदारी देने को लेकर अंतिम फैसला हो सकता है। साथ ही नीतीश कुमार अपने राज्यसभा जाने के फैसले और सरकार में जेडीयू की भूमिका को लेकर भी स्थिति स्पष्ट कर सकते हैं।

आशुतोष झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। वर्तमान में वे हिंदी माइक में कंसल्टिंग एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं विदेश मामलों की गहरी समझ है तथा ग्राउंड रिपोर्टिंग में भी उनका अनुभव अत्यंत व्यापक है।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

