बिहार चुनाव में पीएम मोदी की एंट्री, लालू परिवार पर करारा प्रहार

“जब इतनी लाइट है, लालटेन क्यों?”— पीएम मोदी समस्तीपुर रैली में बोले

बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समस्तीपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और लालू परिवार पर करारा तंज कसा। उन्होंने सभा की शुरुआत मिथिला भाषा में कर जनता को जोड़ा और कहा कि यह उनकी जनता के प्रति सम्मान और जुड़ाव का प्रतीक है।

पीएम मोदी ने कहा कि लालू परिवार “जमानत पर चल रहे हैं और चोरी के मामलों में नामजद हैं।” उन्होंने एनडीए सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार गरीबों को पक्का घर, मुफ्त अनाज, पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाएं दे रही है।

प्रधानमंत्री ने लालू परिवार पर निशाना साधते हुए कहा, “जब इतनी लाइट है और हर एक के हाथ में लाइट है, तो लालटेन की जरूरत क्या है?”— यह तंज राजद के प्रतीक लालटेन पर था। उन्होंने यह भी कहा कि एनडीए सरकार सुशासन के साथ-साथ विकास और गरीबों की भलाई पर ध्यान दे रही है।

पीएम मोदी ने नीतीश कुमार का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार बिहार में फिर से सुशासन की सरकार आने वाली है। उन्होंने युवाओं और जनता को संबोधित करते हुए कहा कि जीएसटी बचत उत्सव और छठ पर्व के बीच भी इतनी विशाल संख्या में जुटना यह साबित करता है कि जनता बिहार में नई रफ्तार चाहती है

प्रधानमंत्री ने भाजपा के मार्गदर्शक कर्पूरी ठाकुर का स्मरण किया और कहा, “हम जैसे पिछड़े और गरीब परिवार से आने वाले लोग इस मंच पर खड़े हैं, इसमें कर्पूरी जी का योगदान महत्वपूर्ण है। उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया, यह हमारे लिए गर्व की बात है।”

ओबीसी आयोग और शिक्षा नीति पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार ने ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा दिया और नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में स्थानीय भाषा में पढ़ाई को बढ़ावा दिया। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि सरकार सुशासन को समृद्धि में बदल रही है

पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार गरीबों, पिछड़ों और युवाओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और बिहार में विकास की नई रफ्तार लाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *