भारत में पुतिन का ग्रैंड आगमन, मोदी संग मुलाकात से रिश्तों में नई रफ्तार
Subtitle: रक्षा साझेदारी से लेकर टेक्नोलॉजी ट्रांसफर तक—भारत-रूस वार्ता के मुख्य मुद्दों पर पूर्व राजनयिक वीना सीकरी की बड़ी बातें
भारत दौरे पर आए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का स्वागत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एयरपोर्ट जाकर किया। पूर्व भारतीय राजनयिक वीना सीकरी ने इसे एक “महत्वपूर्ण कूटनीतिक संदेश” बताया। उन्होंने कहा कि पुतिन की यह यात्रा कई रणनीतिक क्षेत्रों में नए अध्याय खोल सकती है।
सीकरी के मुताबिक मुलाकात का सबसे बड़ा फोकस रक्षा सहयोग रहेगा। ब्रह्मोस मिसाइल, एस-400 सिस्टम और ऑपरेशन सिंदूर जैसे क्षेत्र, जिनमें भारत-रूस की साझेदारी पहले से मजबूत है, इस वार्ता के केंद्र में हो सकते हैं। पुतिन ने उन्नत तकनीक साझा करने की इच्छा भी जताई है, जिसे भारत की दृष्टि से बड़ा अवसर माना जा रहा है।
उन्होंने कहा कि दोनों देश व्यापार बढ़ाने के विकल्पों पर भी विस्तार से चर्चा करेंगे। भारत का लक्ष्य रूस (पूर्व सोवियत देशों) को अपना निर्यात बढ़ाना है। ऊर्जा, सुरक्षा और तकनीक जैसे क्षेत्रों में वार्ता आगे बढ़ने की उम्मीद है।
पीएम मोदी ने पुतिन संग किया प्राइवेट डिनर, शेयर की 7LKM से खास तस्वीरें
भारत आए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सम्मान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार रात एक प्राइवेट डिनर का आयोजन किया। यह बैठक दिल्ली स्थित 7, लोक कल्याण मार्ग (7LKM) पर हुई, जहां सिर्फ दोनों नेता मौजूद थे।
पीएम मोदी ने इस मुलाकात की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा कीं। दोनों नेताओं के बीच डिनर के दौरान द्विपक्षीय संबंधों, आर्थिक सहयोग, कूटनीति और आने वाली आधिकारिक वार्ताओं पर बातचीत होने की संभावना बताई जा रही है।
पुतिन की इस यात्रा को भारत-रूस संबंधों को नई दिशा देने वाली मुलाकात माना जा रहा है, क्योंकि मंगलवार को औपचारिक बैठकें और कई अहम घोषणाएँ होने की उम्मीद है।

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

