स्विट्ज़रलैंड के बार में न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान धमाका, 40 की मौत, 100 से ज़्यादा घायल

क्रान्स-मोंटाना के कॉन्स्टेलेशन बार में हादसा, 100 से ज्यादा घायल; पुलिस ने आतंकी एंगल से किया इनकार

स्विट्ज़रलैंड के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र वालिस कैंटन में स्थित मशहूर स्की रिसॉर्ट क्रान्स-मोंटाना में नए साल के जश्न के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां के कॉन्स्टेलेशन बार में हुए भीषण धमाके और आग की चपेट में आने से अब तक 40 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

यह हादसा स्थानीय समयानुसार रात करीब 1:30 बजे हुआ, जब बार के अंदर बड़ी संख्या में लोग नए साल की पूर्व संध्या का जश्न मना रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाके के तुरंत बाद बार में आग फैल गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो फुटेज में बार के अंदर आग की लपटें और लोगों को बाहर निकलने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है।

आतंकी एंगल से इनकार
स्थानीय पुलिस ने इस घटना को लेकर आतंकी हमले की आशंका से साफ इनकार किया है। न्यूज एजेंसी एपी के अनुसार, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धमाके और आग लगने के कारणों की जांच अभी शुरुआती चरण में है और किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। फिलहाल इसे एक दुर्घटना मानते हुए तकनीकी और अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है

सरकार ने जताया गहरा शोक
स्विट्ज़रलैंड सरकार में संघीय आर्थिक मामलों और शिक्षा विभाग के प्रमुख गाय पार्मेलिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि,
“जो पल खुशी और उत्सव का होना चाहिए था, वह साल के पहले ही दिन एक राष्ट्रीय त्रासदी में बदल गया। इस भयावह घटना से पूरा देश सदमे में है।”

पर्यटकों की संख्या ज्यादा
पुलिस प्रवक्ता गेटन लैथियन ने बताया कि हादसे के वक्त बार में 100 से अधिक लोग मौजूद थे, जिनमें बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक शामिल थे। क्रान्स-मोंटाना एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट है, जहां छुट्टियों के मौसम में हजारों पर्यटक आते हैं।

Source : x/@Rebel_Warriors

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *