अब ट्रेन में ज्यादा सामान ले जाना पड़ेगा महंगा! रेल मंत्री ने बताए नए नियम
लोकसभा में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्पष्ट किए ट्रेन यात्रियों के लिए बैगेज नियम, तय सीमा से ज्यादा सामान पर देना होगा शुल्क
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को लोकसभा को अवगत कराया कि रेल यात्रा के दौरान तय की गई निःशुल्क सीमा से अधिक सामान ले जाने पर यात्रियों से निर्धारित शुल्क वसूला जाता है।
यह जानकारी उन्होंने सांसद वेमिरेड्डी प्रभाकर रेड्डी के सवाल के लिखित जवाब में दी। सांसद ने पूछा था कि क्या रेलवे, हवाई अड्डों की तर्ज पर, यात्रियों के लिए सामान ले जाने के नियम लागू करने पर विचार कर रहा है। इस पर रेल मंत्री ने बताया कि वर्तमान में भी यात्रा वर्ग के अनुसार सामान ले जाने की स्पष्ट सीमा तय है।

रेलवे नियमों के मुताबिक, सेकंड क्लास के यात्रियों को 35 किलोग्राम तक सामान मुफ्त ले जाने की अनुमति है, जबकि शुल्क देकर वे अधिकतम 70 किलोग्राम तक सामान ले जा सकते हैं। स्लीपर क्लास में निःशुल्क सीमा 40 किलोग्राम और अधिकतम सीमा 80 किलोग्राम निर्धारित है।
एसी 3 टियर और चेयर कार में यात्रा करने वालों के लिए 40 किलोग्राम तक सामान ले जाना अनुमत है, जो उनकी कुल अधिकतम सीमा भी है। फर्स्ट क्लास और एसी 2 टियर यात्रियों को 50 किलोग्राम तक सामान बिना शुल्क ले जाने की सुविधा है और वे शुल्क के साथ अधिकतम 100 किलोग्राम तक सामान ले जा सकते हैं। वहीं, एसी फर्स्ट क्लास में यात्रा करने वाले यात्री 70 किलोग्राम तक सामान मुफ्त और अधिकतम 150 किलोग्राम तक सामान शुल्क देकर ले जा सकते हैं।

अश्विनी वैष्णव ने स्पष्ट किया कि अधिकतम सीमा में निःशुल्क भत्ता शामिल रहता है। यदि कोई यात्री तय निःशुल्क सीमा से अधिक सामान अपने साथ कोच में ले जाना चाहता है, तो उसे अपने वर्ग के अनुसार अधिकतम सीमा तक 1.5 गुना दर से शुल्क देना होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि 100 सेमी × 60 सेमी × 25 सेमी (लंबाई × चौड़ाई × ऊंचाई) के माप वाले ट्रंक, सूटकेस और बक्सों को व्यक्तिगत सामान के रूप में यात्रियों को कोच के भीतर ले जाने की अनुमति है।
निर्धारित सीमा से अधिक सामान को रेलवे के नियमों के तहत ट्रेन के ब्रेक वैन (SLR) में बुक कराकर भेजा जाता है, जो ब्रेक वैन में सामान बुक करने की तय अधिकतम सीमा के अधीन होता है।

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

