उत्तर प्रदेश में 1.04 करोड़ मतदाताओं को मिलेगा नोटिस, कहीं आप भी तो प्रभावित नहीं?
निर्वाचन आयोग का ऐलान— 6 जनवरी से दावा-आपत्ति शुरू, 6 मार्च को आएगी अंतिम मतदाता सूची
उत्तर प्रदेश में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया पूरी होने के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है। अब राज्य निर्वाचन आयोग करीब 1 करोड़ 4 लाख मतदाताओं को नोटिस भेजने की तैयारी में है
राज्य निर्वाचन आयोग के प्रमुख नवदीप रिणवा ने बताया कि 6 जनवरी से नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू होगी। ये नोटिस उन मतदाताओं को भेजे जाएंगे जिनकी SIR के दौरान मैपिंग नहीं हो पाई। आयोग के अनुसार, जिन मतदाताओं के फॉर्म SIR के दौरान साइन होकर प्राप्त हुए, केवल उन्हीं को मैपिंग में शामिल माना गया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 91 प्रतिशत से अधिक मैपिंग पूरी हो चुकी है, जिसमें 12 करोड़ 55 लाख 56 हजार 25 मतदाता शामिल हैं। लगभग 8 प्रतिशत मतदाता, यानी करीब 1 करोड़ 4 लाख, अब भी मैपिंग से बाहर हैं।
बूथ, मृतक और स्थानांतरित मतदाताओं का विवरण
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, राज्य में 15,030 नए मतदान बूथ बढ़ाए गए हैं। अब हर बूथ पर औसतन 1200 मतदाता होंगे।
SIR के दौरान मिले आंकड़ों के अनुसार:
46.23 लाख मतदाता मृत पाए गए
2.17 करोड़ मतदाता स्थानांतरित या छूटे हुए पाए गए
25.47 लाख मतदाताओं के नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज मिले
UP SIR में कितनों के नाम ड्राफ्ट लिस्ट में नहीं आए?
नवदीप रिणवा ने बताया कि कुल 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं।
दावा और आपत्ति की अवधि: 6 जनवरी से 6 फरवरी 2026
आपत्तियों का निस्तारण: 27 फरवरी 2026 तक
अंतिम मतदाता सूची जारी: 6 मार्च 2026
उन्होंने स्पष्ट किया कि:
जिनका नाम ड्राफ्ट लिस्ट में है, उन्हें फॉर्म-6 भरने की जरूरत नहीं
जिनका नाम ड्राफ्ट लिस्ट में नहीं है, उन्हें फॉर्म-6 भरना होगा
पता बदलने या स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है
मतदाता अपना नाम ECINET मोबाइल ऐप के जरिए भी चेक कर सकते हैं।
आयोग की अपील
निर्वाचन आयोग ने कहा है कि जो मतदाता बीएलओ से नहीं मिल पाए, जिनके फॉर्म समय पर जमा नहीं हो सके, या जो पुराने पते से स्थायी रूप से कहीं और चले गए हैं, वे दावा-आपत्ति अवधि के दौरान आवश्यक दस्तावेजों और घोषणा पत्र के साथ फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में दोबारा शामिल हो सकते हैं।

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

