14 वर्षीय वैभव की बल्लेबाज़ी से फाइनल में भारत ने रचा इतिहास
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल: वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक पारी से भारत ने रचा इतिहास
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है. टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले में विशाल स्कोर खड़ा करते हुए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 411 रन बनाए, जो अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है. अब इंग्लैंड को खिताब जीतने के लिए 412 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य हासिल करना होगा.
इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के हीरो रहे महज 14 साल के वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने फाइनल मुकाबले में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 175 रनों की यादगार पारी खेली. वैभव ने सिर्फ 55 गेंदों में शतक पूरा किया और 80 गेंदों में 175 रन बनाए. उनकी इस पारी में 15 चौके और 15 छक्के शामिल रहे. खास बात यह रही कि वैभव ने अपने 175 में से 150 रन सिर्फ बाउंड्री के जरिए बनाए.
वैभव सूर्यवंशी ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी अब अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इसके साथ ही वे टूर्नामेंट के इतिहास में दूसरा सबसे तेज शतक लगाने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं. अंडर-19 वर्ल्ड कप में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के विल मालाजुक के नाम है, लेकिन फाइनल में यह रिकॉर्ड अब वैभव सूर्यवंशी के नाम दर्ज हो गया है. इसके अलावा वैभव अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. उनसे पहले यह उपलब्धि उन्मुक्त चंद (2012) और मनजोत कालड़ा (2018) ने हासिल की थी.
भारतीय पारी का हाल
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को 20 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा. आरोन जॉर्ज 11 गेंदों में 9 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद कप्तान आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी के बीच 142 रनों की शानदार साझेदारी हुई. म्हात्रे ने 51 गेंदों में 53 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल थे.
इसके बाद वेदांत त्रिवेदी ने 36 गेंदों में 32, विहान मल्होत्रा ने 36 गेंदों में 30 और विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडु ने 31 गेंदों में 40 रन जोड़े. कनिष्क चौहान ने अंत में 20 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाए. हालांकि पूरी पारी के दौरान वैभव सूर्यवंशी का दबदबा साफ नजर आया.
इंग्लैंड के गेंदबाजों का प्रदर्शन
इंग्लैंड की ओर से जेम्स मिंटो सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 8 ओवर में 63 रन देकर 3 विकेट झटके. सेबेस्टियन मॉर्गन ने 9 ओवर में 74 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि एलेक्स ग्रीन ने 5 ओवर में 49 रन देकर 2 सफलताएं हासिल कीं. मैनी लुम्सडेन को भी एक विकेट मिला.
अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या इंग्लैंड इस असंभव लक्ष्य को हासिल कर पाएगा या टीम इंडिया एक और वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम करेगी.

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

