यूथ कांग्रेस अध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद सियासी संग्राम तेज!

राहुल गांधी और मोदी आमने-सामने, लोकतंत्र बनाम राष्ट्रहित पर तीखी बयानबाज़ी

कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के चलते गिरफ्तार किए जाने पर कहा, “यूथ कांग्रेस के लिए सौभाग्य की बात है कि आज वह इस लड़ाई का नेतृत्व कर रही है। प्रधानमंत्री ने इस डील के ज़रिए देश के साथ बहुत बड़ा अन्याय किया है, देश से समझौता किया है।”

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, “यह साफ हो गया है कि भाजपा प्रजातंत्र में विश्वास नहीं रखती है। प्रजातांत्रिक देश में जनता की आवाज उठाना भी अपराध हो गया है… आज हरियाणा अपराध जगत में नंबर 1 पर पहुंच गया है… प्रजातंत्र में प्रदर्शन करने का अधिकार होता है… यूथ कांग्रेस के हमारे अध्यक्ष पर जिस तरह की कार्रवाई चल रही है, उससे पता चलता है कि लोकतंत्र खतरे में है।”

दूसरी ओर, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “… वे(राहुल गांधी) राष्ट्रहित के साथ समझौता करते हैं… राहुल गांधी नकारात्मक राजनीति के पोस्टर बॉय बन गए हैं… वे 247 बार अंतर्राष्ट्रीय यात्रा कर चुके हैं… वे बाहर जाकर भारतवासियों के साथ समझौता करते हैं। उनका संबंध देशविरोधी ताकतों के साथ है… राहुल गांधी ने ओछी राजनीति देश और दुनिया के सामने दिखाई है। वे भारत विरोधी फोर्स की कठपुतली हैं… वे देश के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। वे देशवासियों के भविष्य को दाव पर लगा रहे हैं।”

AI Summit में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन और उसके बाद कार्यकर्ताओं की हुई गिरफ्तारी को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बता रही है, जबकि भाजपा इसे राजनीतिक देश को शर्मसार करने वाली हरकत करार दे रही है। देश के कई राज्यों में कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराया है और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की है।

इस पूरे घटनाक्रम ने सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव को और तेज कर दिया है। एक ओर कांग्रेस सरकार पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगा रही है, तो वहीं भाजपा राहुल गांधी और पार्टी नेतृत्व पर राष्ट्रहित से समझौता करने के आरोप दोहरा रही है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा संसद से लेकर सड़कों तक गूंजने की संभावना है, जिससे राजनीतिक तापमान और बढ़ सकता है।

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *