सुपर-4 में पायक्रॉफ्ट होंगे रेफरी, पाकिस्तान की मांग नाकाम

एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान का सुपर-4 मुकाबला आज खेला जाएगा। पाकिस्तान ने रेफरी बदलने की मांग की थी, लेकिन ICC ने इसे खारिज कर दिया। पूर्व भारतीय खिलाड़ी अश्विन ने भी पायक्रॉफ्ट का समर्थन किया।

एशिया कप 2025 के सुपर-4 मुकाबले में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत आज होगी। इस मैच से पहले पाकिस्तान के लिए एक बड़ा झटका सामने आया है। आईसीसी ने साफ कर दिया है कि इस मुकाबले में भी एंडी पायक्रॉफ्ट ही मैच रेफरी रहेंगे।

पिछले भारत-पाकिस्तान मैच में हाथ मिलाने को लेकर विवाद हुआ था। भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हैंडशेक करने से इनकार कर दिया। इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने आईसीसी से मांग की थी कि रेफरी पायक्रॉफ्ट को हटा दिया जाए। लेकिन आईसीसी ने इस मांग को मानने से इनकार कर दिया।

अश्विन ने दी पायक्रॉफ्ट को सपोर्ट

टीम इंडिया के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इस मामले पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि पायक्रॉफ्ट ने सब कुछ सही तरीके से हैंडल किया। अपने यूट्यूब चैनल “अश की बात” पर अश्विन ने कहा,
“एंडी पायक्रॉफ्ट ने सबको एक बुरा नजारा देखने से बचाया। भारत ने पहले ही रेफरी को बता दिया था कि यही हमारा फैसला है। इसके बाद अगर पाकिस्तान मैच हार गया तो शिकायत करने का कोई मतलब नहीं है।”

अश्विन ने यह भी कहा कि रेफरी खिलाड़ियों को हाथ मिलाने के लिए मजबूर नहीं कर सकते। उन्होंने कहा,
“पायक्रॉफ्ट कोई स्कूल टीचर या प्रिंसिपल नहीं हैं कि जाकर कहें ‘आओ हाथ मिलाओ’। उनका काम केवल नियमों को लागू करना है।”

ICC का स्पष्टीकरण

आईसीसी ने साफ किया कि पायक्रॉफ्ट ने ‘स्पिरिट ऑफ द गेम’ का उल्लंघन नहीं किया। उन्होंने बस वही संदेश दिया जो एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के वेन्यू मैनेजर ने दिया था। बार-बार की आपत्ति के बावजूद पायक्रॉफ्ट को सुपर-4 मुकाबले के लिए फिर से रेफरी नियुक्त किया गया।

इससे स्पष्ट हो गया है कि आईसीसी अपने एलीट पैनल पर कायम है और किसी बोर्ड के दबाव में नहीं झुकती। अब सभी की नज़रें भारत-पाकिस्तान के इस बड़े मैच पर लगी हैं। मैदान पर खेल कैसा होगा और क्या इस बार फिर विवाद खड़ा होगा, यह देखना बाकी है।

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *