नवी मुंबई एयरपोर्ट उद्घाटन: उड़ानों की तारीख और सुविधाएं

PM मोदी ने नवी मुंबई एयरपोर्ट का उद्घाटन, डिजिटल और आधुनिक सुविधाओं से लैस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार, 8 अक्टूबर 2025 को नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (NMIA) के पहले चरण का उद्घाटन किया। इस हवाई अड्डे का निर्माण 19,650 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है और इसे सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) के तहत विकसित किया गया है। यह परियोजना भारत का सबसे बड़ा ‘ग्रीनफील्ड’ हवाई अड्डा है और इसे पूरी तरह डिजिटल बनाया गया है।

नवी मुंबई एयरपोर्ट मुंबई महानगर क्षेत्र का दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा होगा, जो छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) के साथ मिलकर कार्य करेगा। इसका उद्देश्य मुंबई में भीड़भाड़ कम करना और शहर को ग्लोबल मल्टी एयरपोर्ट सिस्टम की श्रेणी में लाना है।

नवी मुंबई हवाई अड्डे से विमानों का परिचालन दिसंबर 2025 में शुरू होने की उम्मीद है। टिकटों की बिक्री अक्टूबर के अंत तक शुरू होने की संभावना है। एयरपोर्ट से इंडिगो, अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान उड़ान भरेंगे।

इस एयरपोर्ट को भारत का पहला पूर्ण डिजिटल हवाई अड्डा बनाया गया है। इसमें वाहन पार्किंग स्लॉट की प्री-बुकिंग, ऑनलाइन बैगेज ड्रॉप बुकिंग और इमिग्रेशन सेवाओं जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अडानी एयरपोर्ट्स होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) के सीईओ अरुण बंसल के अनुसार, यात्रियों को अपने फोन पर संदेश मिलेगा जिसमें उनका बैग कैरोसेल पर किस नंबर पर है, यह जानकारी मिलेगी।

नवी मुंबई एयरपोर्ट घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए स्टेट-ऑफ-द-आर्ट सुविधाओं से लैस है। इसमें 3,700 मीटर लंबा रनवे, मॉडर्न पैसेंजर टर्मिनल और एडवांस्ड एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम शामिल हैं। यह एयरपोर्ट जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट से 14 किमी, एमआईडीसी, तलोजा इंडस्ट्रियल एरिया से 22 किमी, मुंबई पोर्ट ट्रस्ट से 35 किमी, ठाणे से 32 किमी और भिवंडी से 40 किमी दूर स्थित है।

इस परियोजना से मुंबई क्षेत्र में हवाई यातायात बढ़ेगा और यात्रियों को आधुनिक, तेज और सुविधाजनक सेवा मिलेगी।

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *