तेजस्वी यादव ने किया बड़ा ऐलान, महिलाओं के लिए क्या है योजना?

तेजस्वी यादव का बड़ा ऐलान: महिलाओं को हर महीने 2.5 हजार, बेटियों और माताओं के लिए नई योजनाएं

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र आरजेडी नेता और राघोपुर सीट से पार्टी के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने मंगलवार को महिलाओं और बेटियों के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगर महागठबंधन की सरकार बनती है, तो राज्य की महिलाओं को “माई बहन योजना” के तहत आर्थिक सहायता दी जाएगी।

तेजस्वी यादव ने कहा, “महागठबंधन की सरकार आने पर महिलाओं को हर महीने ₹2,500 की राशि दी जाएगी। इस तरह सालाना ₹30,000 और पाँच साल में कुल ₹1.5 लाख रुपये उन्हें दिए जाएंगे।” उन्होंने कहा कि यह रकम सीधे महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।

इसके साथ ही तेजस्वी ने महिलाओं और बेटियों के लिए दो और विशेष योजनाओं की घोषणा की — ‘बेटी (BETI) योजना’ और ‘मां (MAA) योजना’। उन्होंने कहा, “बेटी योजना के तहत हमारी बच्चियों को जन्म से लेकर उनकी आय शुरू होने तक सरकार की ओर से मदद दी जाएगी। इस योजना का उद्देश्य बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा सुनिश्चित करना है।”

वहीं, ‘मां योजना’ के तहत उन महिलाओं को सहायता दी जाएगी जिनके पास न तो मकान है और न ही स्थायी आमदनी। तेजस्वी ने कहा, “मां योजना के माध्यम से गरीब महिलाओं को घर, अन्न और आय का साधन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे सम्मानजनक जीवन जी सकें।”

तेजस्वी यादव के इन ऐलानों को महागठबंधन के चुनावी वादों से जोड़कर देखा जा रहा है। आरजेडी की रणनीति साफ है कि वह इस बार महिला मतदाताओं को लुभाने के लिए सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक सहायता पर फोकस कर रही है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि तेजस्वी का यह ऐलान चुनावी माहौल में बड़ा प्रभाव डाल सकता है, खासकर ग्रामीण और निम्न वर्ग की महिलाओं के बीच, जहां आरजेडी की पारंपरिक पकड़ पहले से मजबूत मानी जाती है।

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *