“बिहार फिर पुराने दौर में लौट गया है” — प्रशांत किशोर का बड़ा बयान

प्रशांत किशोर का निशाना: “NDA को घोषणापत्र नहीं, रिपोर्ट कार्ड पेश करना चाहिए”

नालंदा (बिहार): जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहारशरीफ में अपने रोड शो के दौरान राज्य की मौजूदा राजनीति पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आज बिहार में जो हालात हैं, वो किसी न किसी रूप में लालू यादव के पुराने शासनकाल की याद दिलाते हैं।

प्रशांत किशोर ने कहा, “राज्य में प्रशासन पूरी तरह से कमजोर हो गया है। नीचे से लेकर ऊपर तक भ्रष्टाचार फैला हुआ है। अफसरों से लेकर नेताओं तक सब अपने स्वार्थ में उलझे हैं, जनता की सुनने वाला कोई नहीं है।”

उन्होंने आगे कहा कि NDA गठबंधन को इस चुनाव में नए वादे करने से पहले जनता को यह बताना चाहिए कि उन्होंने अब तक क्या किया है। उनके शब्दों में, “घोषणापत्र नहीं, रिपोर्ट कार्ड पेश करने का समय है। लोग जानना चाहते हैं कि पिछले सालों में कितनी सड़के बनीं, कितनी नौकरियां दी गईं, और शिक्षा-स्वास्थ्य में कितना सुधार हुआ।”

प्रशांत किशोर ने जनता से आग्रह किया कि वे केवल दल या जाति देखकर वोट न दें, बल्कि ऐसे उम्मीदवार को चुनें जो ईमानदारी से काम करने की क्षमता रखता हो। उन्होंने कहा कि जन सुराज किसी व्यक्ति की नहीं, बल्कि जनता की आवाज़ है। इसका उद्देश्य बिहार में सुशासन और जवाबदेही की एक नई संस्कृति स्थापित करना है।

उन्होंने कहा, “हम ऐसी व्यवस्था बनाना चाहते हैं, जहाँ बिहार के लोगों को सम्मान मिले। जहाँ कोई बिहारी खुद को छोटा या उपेक्षित महसूस न करे। जन सुराज उसी दिशा में उठाया गया कदम है।”

बिहारशरीफ में हुए इस रोड शो में भारी भीड़ उमड़ी। सड़कों पर प्रशांत किशोर के समर्थन में नारे गूंजते रहे – “जन सुराज लाएगा बदलाव” और “बदलाव का वक्त आ गया है।”

PK ने कहा कि उनकी यात्रा सत्ता की राजनीति नहीं, बल्कि सोच और व्यवस्था में बदलाव की लड़ाई है। “हम जनता को यह भरोसा दिलाना चाहते हैं कि बिहार फिर से उठ सकता है, अगर जनता खुद बदलाव का जिम्मा ले।”

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *