तेज प्रताप ने तेजस्वी–राहुल पर साधा निशाना

तेज प्रताप बोले — “तेजस्वी जनता को पिटवा रहे, राहुल गांधी को रसोइया होना चाहिए था”

पटना (बिहार): जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और महुआ विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार तेज प्रताप यादव ने अपने भाई और राजद नेता तेजस्वी यादव के साथ-साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी तीखा प्रहार किया। पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए तेज प्रताप ने कहा कि महुआ की जनता अब सब समझ चुकी है, जो लोग सामाजिक न्याय की बातें करते हैं, वही अब जनता पर लाठीचार्ज करा रहे हैं।

तेज प्रताप यादव ने कहा, “कल वे (तेजस्वी यादव) महुआ गए थे और वहां का विधायक महुआ के लोगों पर लाठीचार्ज करा दिया। वे सामाजिक न्याय की बातें करते हैं, लेकिन गरीब जनता को पिटवा रहे हैं। अगर यही न्याय है, तो जनता अब इनका जवाब देगी।”

उन्होंने आगे कहा कि वे अब राघोपुर में एक बड़ा कार्यक्रम करने जा रहे हैं, जहां दो स्थानों पर हेलीकॉप्टर से उतरेंगे और जनता के बीच जाकर सीधा संवाद करेंगे। तेज प्रताप ने कहा कि उनका मकसद बिहार की जनता के अधिकारों की आवाज़ उठाना है, न कि किसी पर निजी हमला करना।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी उन्होंने व्यंग्य किया। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी जिंदगी भर मछली पकड़ते रह जाएंगे और देश अंधकार में चला जाएगा। वे रोजगार की बात करते हैं, लेकिन यहां रोजगार मिल ही नहीं रहा। जलेबी छानने और मछली पकड़ने की बातें करने वालों को रसोइया होना चाहिए था, नेतागिरी में क्यों आ गए।”

तेज प्रताप यादव ने कहा कि बिहार की राजनीति अब परिवारवाद और दिखावे की राजनीति से ऊपर उठनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अब जनता असली मुद्दों — जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार — पर मतदान करेगी।

जनशक्ति जनता दल के नेता ने दावा किया कि बिहार की जनता इस बार नया विकल्प चाहती है और उनकी पार्टी जनता के विश्वास पर खरी उतरेगी। उन्होंने कहा कि बिहार में बदलाव की शुरुआत हो चुकी है और यह परिवर्तन जनता के हाथों से ही संभव है।

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *