रवि किशन पर हमले की कोशिश, बोले – विपक्ष को हार का डर
नौतन में प्रचार के दौरान हमला, धमकी देने वाला गिरफ्तार
पटना (बिहार): बिहार विधानसभा चुनाव के बीच सियासी सरगर्मी अपने चरम पर है। इसी बीच भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन पर नौतन में चुनाव प्रचार के दौरान हमले की कोशिश का मामला सामने आया है। रवि किशन ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि जब वह भाजपा प्रत्याशी नारायण प्रसाद के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे थे, तभी कुछ उपद्रवी तत्वों ने सभा स्थल पर घुसकर माहौल खराब करने की कोशिश की।
उन्होंने कहा, “नौतन में हम पर हमला करने की कोशिश हुई है। नारायण प्रसाद वहां के उम्मीदवार हैं। हमारी सभा में कुछ लोग घुसे थे। कल रात नितिन नवीन की सभा के बाद भी हमला करने की कोशिश हुई थी। इससे यह साफ पता चलता है कि विरोधी दलों को अब अपनी बुरी हार का अंदेशा हो गया है, इसलिए वे अब हिंसा और डराने-धमकाने के तरीकों का सहारा ले रहे हैं।”
रवि किशन ने आगे कहा कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई है। उन्होंने बताया, “एक व्यक्ति को गोरखपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिसने हमें धमकाया था। इसके अलावा एक और फोन कॉल दिल्ली से आया था, उसे भी जल्द पकड़ा जाएगा। मैं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी और यूपी पुलिस को दिल से धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने इतनी तेजी से कार्रवाई की। बाकि लोगों को भी खोजा जा रहा है और यह पता लगाया जा रहा है कि इसके पीछे कौन है।”
सांसद ने कहा कि वे ऐसे डराने-धमकाने की राजनीति से डरने वाले नहीं हैं। “हम जनता के बीच हैं और जनता का आशीर्वाद हमारे साथ है। बिहार की जनता बदलाव चाहती है और एनडीए की सरकार बनना तय है। विपक्ष यह समझ चुका है कि अब उनके लिए जीतना मुश्किल है, इसलिए वे ऐसे कायराना कदम उठा रहे हैं,” उन्होंने कहा।
रवि किशन ने आगे कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता पूरी मजबूती से प्रचार में जुटे हैं और जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नीतियों से संतुष्ट है। उन्होंने कहा कि वे बिहार के विकास और युवाओं के भविष्य को लेकर लोगों के बीच जा रहे हैं और हर हाल में अपना अभियान जारी रखेंगे।

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

