देहरादून छात्र हत्याकांड के विरोध में दिल्ली में कैंडल मार्च
देहरादून में त्रिपुरा के छात्र एंजल चकमा की हत्या के बाद दिल्ली में एनएसयूआई ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध जताया
देहरादून में त्रिपुरा के छात्र एंजल चकमा की हत्या के खिलाफ दिल्ली में कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध जताया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने घटना के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
एंजल चकमा पर 9 दिसंबर को देहरादून के सेलाकुई थाना क्षेत्र के बाज़ार में हमला किया गया था। वे एक निजी विश्वविद्यालय से एमबीए फाइनल ईयर के छात्र थे। हमलावरों ने हाथ के कड़े और चाकू से उन पर वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

हमले के बाद एंजल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने 16 दिनों तक जिंदगी और मौत से संघर्ष किया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के वक्त उनका छोटा भाई माइकल भी उनके साथ मौजूद था।
कैंडल मार्च में शामिल एक महिला ने कहा, हम भारत के अटूट अंग हैं। इसे नकारा नहीं जा सकता। हम भारतीय हैं और इसके लिए हमें कोई अलग पहचान या साइन बोर्ड लेकर चलने की जरूरत क्यों पड़े?

देहरादून पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक दो नाबालिगों समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।इस घटना के बाद एक बार फिर उत्तर भारत में पूर्वोत्तर राज्यों से आए छात्रों के साथ होने वाले भेदभाव और हिंसा के मुद्दे पर बहस तेज हो गई है।

आशुतोष झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। वर्तमान में वे हिंदी माइक में कंसल्टिंग एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं विदेश मामलों की गहरी समझ है तथा ग्राउंड रिपोर्टिंग में भी उनका अनुभव अत्यंत व्यापक है।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

