मेरठ में बीजेपी नेता संगीत सोम को बम से उड़ाने की धमकी
बंगाली भाषा में मैसेज भेजकर जान से मारने की चेतावनी, पुलिस जांच में जुटी
उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीजेपी नेता और पूर्व विधायक संगीत सोम को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी सोमवार सुबह करीब आठ बजे उनके सरकारी मोबाइल नंबर पर भेजे गए एक मैसेज के जरिए दी गई। खास बात यह है कि यह संदेश बंगाली भाषा में लिखा गया था।
संगीत सोम ने बताया कि धमकी भरा मैसेज मिलने के तुरंत बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी और संबंधित मोबाइल नंबर व कॉल डिटेल भी सौंप दी। मैसेज में न सिर्फ उन्हें, बल्कि एक न्यूज़ चैनल को भी बम से उड़ाने की बात कही गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मेरठ पुलिस के अनुसार, धमकी से जुड़े स्क्रीनशॉट और तकनीकी जानकारियों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर यह पता लगाया जा रहा है कि मैसेज कहां से और किस मकसद से भेजा गया। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले पर आधिकारिक बयान देने से बच रही है।
बताया जा रहा है कि यह धमकी हाल के दिनों में संगीत सोम द्वारा दिए गए बयानों से जुड़ी हो सकती है। दरअसल, वह आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स में बांग्लादेशी खिलाड़ी को शामिल किए जाने के मुद्दे पर बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान के खिलाफ खुलकर बयान दे रहे थे। इसी को लेकर वे लगातार सुर्खियों में बने हुए थे।
पुलिस को दी गई शिकायत में संगीत सोम ने बताया कि उनके व्हाट्सएप नंबर पर आए मैसेज में उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है। मैसेज सामने आने के बाद उनके समर्थकों में भी नाराज़गी और चिंता देखी जा रही है।
गौरतलब है कि संगीत सोम पहले भी अपने तीखे और विवादित बयानों के कारण चर्चा में रहे हैं। हाल ही में उन्होंने बांग्लादेशी खिलाड़ी को आईपीएल टीम में शामिल किए जाने पर शाहरुख खान को “गद्दार” तक कहा था और देश में ऐसे खिलाड़ियों को खेलने न देने की मांग की थी। हालांकि बाद में केकेआर ने उस खिलाड़ी को टीम से बाहर कर दिया।
अब धमकी मिलने के बाद यह मामला एक बार फिर तूल पकड़ता दिख रहा है। फिलहाल मेरठ पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

