मोदी कैबिनेट में हो सकती है राम की एंट्री, प्रधान हो सकते हैं आउट!
मोदी कैबिनेट में बड़े फेरबदल के संकेत, रविवार या सोमवार को हो सकता है विस्तार
नई दिल्ली: केंद्र सरकार जल्द ही केंद्रीय मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक, रविवार या सोमवार को कैबिनेट विस्तार होने की संभावना है। इस संभावित बदलाव में कई नए चेहरों को जगह मिल सकती है, जबकि कुछ वरिष्ठ मंत्रियों की छुट्टी भी हो सकती है।
सूत्रों के अनुसार, पूर्व RBI गवर्नर और प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव शक्तिकांत दास को पूर्ण कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है। वहीं, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को वित्त मंत्रालय से हटाकर शिक्षा (HRD) मंत्रालय की जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है।
सबसे अधिक चर्चा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को लेकर है। सूत्रों का दावा है कि दोनों नेताओं को मंत्रिमंडल से बाहर किया जा सकता है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि हाल के महीनों में शिक्षा मंत्रालय NEET और CBSE से जुड़े विवादों तथा विपक्ष के लगातार हमलों के कारण धर्मेंद्र प्रधान दबाव में रहे हैं। हालांकि, केंद्र सरकार ने इन मुद्दों पर अपने फैसलों का लगातार बचाव किया है और किसी भी तरह की लापरवाही से इनकार किया है।
वहीं, हरदीप सिंह पुरी को लेकर भी उनके मंत्रालय से जुड़े कुछ मुद्दों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं होती रही हैं और विपक्ष समय-समय पर सवाल उठाता रहा है। हालांकि, सरकार की ओर से किसी भी तरह की अनियमितता के आरोपों को खारिज किया गया है। ऐसे में संभावित कैबिनेट फेरबदल को लेकर राजनीतिक अटकलें और तेज हो गई हैं।
इसी बीच, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की पूर्ण कैबिनेट मंत्री के रूप में वापसी की संभावना जताई जा रही है।
एनडीए सहयोगी शिवसेना को भी कैबिनेट में प्रतिनिधित्व मिलने की चर्चा है। पार्टी सांसद श्रीकांत शिंदे को मंत्री बनाया जा सकता है। इसके अलावा मेरठ से सांसद और टीवी धारावाहिक रामायण में भगवान राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल का नाम भी संभावित मंत्रियों की सूची में शामिल बताया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश के राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को भी मंत्रिमंडल से हटाए जाने की चर्चा है।
पंजाब में भी राजनीतिक संतुलन साधने की तैयारी की बात सामने आ रही है। चर्चा है कि आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में आए नेताओं में से किसी एक को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। साथ ही, राज्य में भाजपा को मजबूत करने के उद्देश्य से कुछ नए चेहरों को भी मौका दिए जाने की संभावना है।
बिहार से महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल और मध्य प्रदेश के खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा के नाम भी संभावित मंत्रियों में बताए जा रहे हैं।
इसके अलावा, शिवसेना के हिस्से वाले मंत्रालयों में भी फेरबदल की चर्चा है। स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव से स्वास्थ्य विभाग वापस लेकर उन्हें केवल आयुष मंत्रालय की जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, मनोहर लाल खट्टर से बिजली मंत्रालय वापस लिए जाने की भी अटकलें हैं।
सूत्रों का दावा है कि आधा दर्जन से अधिक राज्य मंत्रियों को भी मंत्रिमंडल से बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है।
हालांकि, इन सभी संभावित बदलावों और नियुक्तियों को लेकर केंद्र सरकार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

