जींद से दौड़ेगी हाइड्रोजन ट्रेन, पीएम मोदी दिखाएंगे हरी झंडी

जींद से हाइड्रोजन ट्रेन को पीएम मोदी दिखाएंगे हरी झंडी, डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिड्डा ने रखी शहर के विकास की मांग

जींद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित जींद दौरे को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्डा ने कहा कि 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर जींद में 51 क्विंटल लड्डू बांटकर खुशी मनाने का फैसला किया गया है।

डॉ. कृष्ण मिड्डा ने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन के संचालन से जींद का नाम देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि जब दुनिया की सबसे लंबी हाइड्रोजन ट्रेन की चर्चा होगी तो जींद का नाम बच्चों की किताबों में दर्ज होगा।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने जींद शहर के विकास को लेकर दो प्रमुख मांगें रखी जाएंगी। इनमें पहली मांग जींद में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनाने की है, जबकि दूसरी मांग शहर में बड़े सरकारी उद्योग की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि जींद चारों तरफ से नेशनल हाईवे से जुड़ा हुआ है, ऐसे में यहां उद्योग स्थापित होने से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

डॉ. मिड्डा ने जींद के ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि महाभारत का युद्ध कुरुक्षेत्र से शुरू हुआ था, लेकिन उसका अंत जींद की धरती पर हुआ था। अब हाइड्रोजन ट्रेन के जरिए जींद एक बार फिर विश्व मानचित्र पर अपनी पहचान बनाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल्ली कार्यक्रम में लोगों को आमंत्रित करने के लिए गांव-गांव जाकर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को देखने और कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर लोगों में भारी उत्साह है।

वहीं, भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के सम्मान में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) हरियाणा की ओर से जींद में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से पहुंचे चिकित्सकों ने डॉ. अर्चना गुप्ता का फूल-मालाओं, पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। इस मौके पर डॉ. कृष्ण मिड्डा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *