क्या सीएम के पति चला रहे हैं दिल्ली सरकार? वायरल फोटो पर AAP का हमला

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर AAP का हमला—सरकारी बैठकों में पति की मौजूदगी को बताया असंवैधानिक, भाजपा की प्रतिक्रिया का इंतज़ार

दरअसल, सोशल मीडिया पर एक फोटो वायरल हुई है, जिसमें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिल्ली सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक करती दिख रही हैं। इस बैठक के दौरान उनके बगल में उनके पति भी बैठे हुए नजर आ रहे हैं। फोटो सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी ने रेखा गुप्ता के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

AAP के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने ANI से बातचीत में कहा—
“रेखा गुप्ता ने संविधान और गोपनीयता की शपथ ली है। कोई कानून उन्हें यह इजाजत नहीं देता कि वे सरकारी बैठकों में अपने पति को शामिल करें। लेकिन हमने देखा कि उनके पति उनके साथ बैठक कर रहे हैं, निरीक्षण कर रहे हैं, अफसरों को निर्देश दे रहे हैं। एक उद्योगपति सरकार कैसे चला सकता है या सरकार चलाने में हिस्सेदारी कैसे कर सकता है? यह पूरी तरह अनैतिक और असंवैधानिक है। भाजपा को बताना चाहिए कि रेखा गुप्ता के पति किस पद पर हैं?”

गौरतलब है कि जब अरविंद केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री थे, तब भाजपा ने उन पर भी इसी तरह का आरोप लगाया था। शराब घोटाले के मामले में उनकी गिरफ्तारी के बाद उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठकर जनता को संबोधित किया था। उस समय भाजपा ने आरोप लगाया था कि दिल्ली सरकार की बैठकें उनकी पत्नी कर रही हैं और सरकार वही चला रही हैं।

इस मुद्दे पर अब तक न तो मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और न ही भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। फिलहाल भाजपा की प्रतिक्रिया का इंतज़ार है।

फिलहाल, जब भाजपा सत्ता पक्ष में है और आम आदमी पार्टी विपक्ष में, ऐसे में इस तस्वीर के वायरल होने से AAP को बैठे-बिठाए बड़ा मुद्दा मिल गया है, जिसे वह भुनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही।

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *