पीएम मोदी आज करेंगे पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन ट्रॉल हो गए पप्पू!
पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन आज प्रधानमंत्री मोदी करेंगे, नीतीश कुमार रहेंगे मौजूद; पप्पू यादव के दावे पर मचा हंगामा, सोशल मीडिया पर हुए ट्रोल
प्रधानमंत्री मोदी करेंगे पूर्णिया के नवनिर्मित एयरपोर्ट का उद्घाटन; नीतीश कुमार भी मौजूद रहेंगे
पूर्णिया: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार के दौरे पर हैं और पूर्णिया में वे नवनिर्मित एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहेंगे।
पूर्णिया एयरपोर्ट की मांग पिछले दो दशकों से की जा रही थी और अब यह परियोजना तैयार की गई है। इसे सीमांचल के साथ-साथ बिहार से सटे पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों के लिए भी वरदान माना जा रहा है। स्थानीय निवासियों और व्यापारिक समुदाय को उम्मीद है कि एयरपोर्ट खुलने से क्षेत्र में बेहतर हवाई संपर्क, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। कई लोग इसे विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानते हैं।

हालांकि, एयरपोर्ट को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव सोशल मीडिया पर लगातार दावा कर रहे हैं कि उन्होंने ही केंद्र सरकार से पहल कर यह एयरपोर्ट बनवाया। दूसरी ओर एनडीए समर्थक प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी को इसका श्रेय देते दिख रहे हैं। इन दावों और बयानों ने उद्घाटन से पहले ही राजनीतिक माहौल गर्मा दिया है।
पप्पू यादव के इस दावे पर, जिसमें वह कह रहे हैं कि पूर्णिया एयरपोर्ट उन्होंने केंद्र सरकार से छीन कर लाया है, उनके इस पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें खूब ट्रोल किया जा रहा है। हालांकि, कुछ लोग उनके समर्थन में भी पोस्ट कर रहे हैं। वहीं, एनडीए के समर्थक पूर्णिया के पूर्व सांसद को इसका श्रेय दे रहे हैं।

यह विवाद ऐसे समय में हो रहा है जब बिहार में महज कुछ दिनों बाद विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। प्रधानमंत्री मोदी पिछले कुछ हफ्तों में कई बार बिहार आ चुके हैं और उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया है। भाजपा और एनडीए इसे विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का प्रमाण बताते हैं।
वहीं, विपक्ष प्रधानमंत्री के लगातार दौरों पर सवाल उठा रहा है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री और भाजपा नेता केवल चुनाव को देखते हुए बिहार आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि “चुनाव के बाद ये सभी बिहार को भूल जाएंगे।”

पूर्णिया एयरपोर्ट को लेकर जनता में उत्साह जरूर है, लेकिन साथ ही इस पर सियासी दावेदारी ने इसे एक बड़ा चुनावी मुद्दा भी बना दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि एयरपोर्ट का उद्घाटन सीमांचल की तस्वीर बदल सकता है, लेकिन फिलहाल यह राजनीति के घेरे में आ गया है।

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

