दिल्ली सरकार ने शुरू किया 15 दिन का सेवा पखवाड़ा
CM रेखा गुप्ता ने जनता को सेवा पखवाड़ा में भाग लेने और प्रधानमंत्री को हार्दिक शुभकामनाएं देने का संदेश दिया
नई दिल्ली : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर पूरे देश और दिल्ली में मनाए जा रहे उत्सव की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि देशभर में आज ‘सेवा पखवाड़ा’ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर और अन्य जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “देश और दिल्ली में आज पीएम मोदी का जन्मदिन सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाया जा रहा है। कुछ स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर, कुछ जगहों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन जनसेवा अभियानों के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं दी जा रही हैं। जनता के लिए यह संदेश भी है कि हम सभी मिलकर समाज और देश के विकास में योगदान दें।”
उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली सरकार 15 दिनों तक सेवा पखवाड़ा मना रही है। इस दौरान सरकार ने 75 सार्वजनिक परियोजनाओं को जनता के लिए समर्पित करने का निर्णय लिया है। इन परियोजनाओं में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, सफाई, युवा कल्याण, डिजिटल सुविधा और विकास से जुड़ी अन्य योजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, “दिल्ली की जनता की ओर से और अपने दिल की गहराइयों से मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देती हूँ। उनका नेतृत्व देश के विकास और जनकल्याण में प्रेरणादायक रहा है।”

रेखा गुप्ता ने जनता से अपील की कि वे सेवा पखवाड़ा के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में योगदान दें। स्वास्थ्य, शिक्षा और जनसेवा से जुड़े इन अभियानों का उद्देश्य नागरिकों के जीवन में सुधार और समाज में सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है।
इस तरह के कार्यक्रम न केवल पीएम मोदी के जन्मदिन को विशेष बनाते हैं, बल्कि पूरे देश में सेवा और समाज कल्याण की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं।

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

