बांग्लादेश में हिंदू ऑटो चालक की पीट-पीटकर हत्या, रिक्शा लूटकर फरार हुए बदमाश

समीर दास का खून से लथपथ शव सड़क किनारे मिला, पुलिस लूट और हत्या दोनों एंगल से जांच में जुटी

बांग्लादेश में एक बार फिर अल्पसंख्यक समुदाय को निशाना बनाए जाने की घटना सामने आई है। स्थानीय पुलिस और सूत्रों के अनुसार, समीर कुमार दास नामक हिंदू युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद बदमाश उसका बैटरी से चलने वाला ऑटो-रिक्शा लेकर फरार हो गए।

खून से लथपथ हालत में मिला शव
समीर दास लंबे समय से ऑटो-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। रविवार, 11 जनवरी 2026 की रात वह घर नहीं लौटा, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। देर रात पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई।
रात करीब दो बजे दक्षिण करीमपुर इलाके के मुहुरी बाड़ी के पास स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे समीर का खून से लथपथ शव देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए फेनी जनरल अस्पताल भेज दिया।

लूट और हत्या दोनों एंगल से जांच
दागनभुइयां थाना प्रभारी मोहम्मद फयज़ुल आजीम ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर ऑटो-रिक्शा लूट के इरादे से हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अन्य कारणों से भी इंकार नहीं किया गया है। मृतक के परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।

बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर बढ़ते हमले
2024 के विद्रोह के बाद से बांग्लादेश में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। हिंदू, बौद्ध और ईसाई समुदायों पर हो रहे हमलों को लेकर देश-विदेश में चिंता जताई जा रही है। बांग्लादेश हिंदू बौद्ध ईसाई एकता परिषद ने कहा है कि आगामी राष्ट्रीय चुनावों से पहले सांप्रदायिक हिंसा में तेजी आई है, जो बेहद चिंताजनक है।

भारत ने जताई कड़ी चिंता
हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को लेकर भारत ने भी सख्त प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि अल्पसंख्यकों, उनके घरों और व्यवसायों पर हो रहे हमलों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसी सांप्रदायिक हिंसा पर तुरंत और सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि दोषियों के हौसले न बढ़ें और अल्पसंख्यक समुदाय में डर का माहौल खत्म हो।

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *