बॉर्डर 2’ का नया गाना ‘जाते हुए लम्हों’ रिलीज, सुनील शेट्टी ने किया लॉन्च
इमोशनल सॉन्ग सुनकर भावुक हुए फैंस, पुराने ‘बॉर्डर’ की यादें हुईं ताजा
इस साल की सबसे ज्यादा चर्चित फिल्मों में शामिल ‘बॉर्डर 2’ अपने गानों को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। फिल्म 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसी बीच फिल्म का तीसरा गाना ‘जाते हुए लम्हों’ रिलीज कर दिया गया है, जिसे अभिनेता सुनील शेट्टी ने लॉन्च किया।
गाने के रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाएं आने लगी हैं। कई लोगों ने इसे दिल को छू लेने वाला बताया है, तो कई फैंस इस गाने को सुनकर भावुक हो गए।
यूट्यूब पर मचा रहा है धमाल
करीब 3 मिनट 39 सेकंड का यह गाना यूट्यूब पर तेजी से व्यूज बटोर रहा है। गीत को मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने लिखा है। इस गाने को मूल रूप से अनु मलिक ने कंपोज किया था, जबकि ‘बॉर्डर 2’ के लिए इसे मिथुन ने नए अंदाज में रिक्रिएट किया है।
गाने को विशाल मिश्रा और रूप सिंह राठौड़ ने अपनी आवाज दी है, जिसे श्रोताओं से खूब सराहना मिल रही है।
सुनील शेट्टी ने बताया आइकॉनिक सॉन्ग
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी ‘बॉर्डर 2’, साल 1997 में आई सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है। ‘जाते हुए लम्हों’ भी उसी फिल्म का मशहूर गीत रहा है।
सॉन्ग लॉन्च इवेंट के दौरान सुनील शेट्टी ने कहा कि यह गाना उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने बताया कि फिल्म ‘बॉर्डर’ में यह गीत उनके किरदार के लिए गाया गया था और आज उसी गाने का हिस्सा उनका बेटा अहान शेट्टी भी है, जो इसे और भी भावनात्मक बनाता है।
लॉन्च इवेंट में दिखे अहान और आन्या
गाने के लॉन्च इवेंट में अहान शेट्टी और आन्या सिंह भी नजर आए। अहान ब्लैक शर्ट, ब्राउन ब्लेजर और डेनिम में काफी स्टाइलिश दिखे, जबकि आन्या व्हाइट फ्लोरल साड़ी, खुले बालों और काली बिंदी के साथ बेहद खूबसूरत लगीं।
फैंस का जबरदस्त रिएक्शन
‘जाते हुए लम्हों’ के नए वर्जन को लेकर फैंस सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि गाने में पुराने वर्जन की झलक साफ महसूस होती है। वहीं दूसरे ने इसे फौजियों के जज्बातों और दर्द को बयां करने वाला बताया। कई लोगों ने इसे यादों से जोड़ने वाला और दिल छू लेने वाला गीत कहा है।
‘बॉर्डर 2’ की स्टार कास्ट
फिल्म ‘बॉर्डर 2’ में सनी देओल, अहान शेट्टी, वरुण धवन और दिलजीत दोसांझ मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं मोना सिंह, आन्या सिंह, सोनम बाजवा और मेधा राणा फिल्म की लीड एक्ट्रेसेस हैं।

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

