केरल कांग्रेस ने बीड़ी के बहाने बिहार की सियासत को सुलगा दिया

बीड़ी पर टैक्स कटौती को लेकर कांग्रेस के ट्वीट से बिहार की सियासत गरमा गई, बीजेपी और जेडीयू ने कांग्रेस पर हमला बोला।

बीड़ी-बिहार ट्वीट पर सियासी संग्राम, बीजेपी और जेडीयू ने कांग्रेस पर साधा निशाना

जीएसटी में हुए सुधारों में सरकार ने बीड़ी पर लगने वाले कर को घटा दिया है। इसी फैसले को लेकर अब एक नया विवाद खड़ा हो गया है। मामला तब गरमा गया जब केरल कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर एक ट्वीट किया।

दरअसल, कांग्रेस की ओर से शेयर किए गए चार्ट में सिगरेट, सिगार और अन्य तंबाकू उत्पादों पर जीएसटी में बढ़ोतरी को दिखाया गया, वहीं बीड़ी पर कर घटाए जाने का जिक्र किया गया। बताया गया कि तंबाकू उत्पादों पर जीएसटी 28% से बढ़ाकर 40% कर दिया गया है। इसी तरह सिगरेट और सिगार पर भी टैक्स बढ़ा है। लेकिन बीड़ी पर पहले जहां 28% जीएसटी लगता था, अब उसे घटाकर 18% कर दिया गया है।

इसी चार्ट के साथ कांग्रेस की ओर से एक लाइन लिखी गई –
“बीड़ी और बिहार दोनों ‘B’ से शुरू होते हैं। अब इन्हें पाप नहीं माना जा सकता।”

यही पंक्ति विवाद की वजह बन गई।

बीजेपी ने इस ट्वीट को बिहार और बिहारियों का सीधा अपमान बताया और कांग्रेस से माफी की मांग की। पार्टी नेताओं का कहना है कि बीड़ी और बिहार की तुलना करना केवल असंवेदनशीलता ही नहीं, बल्कि एक पूरे राज्य की गरिमा को ठेस पहुँचाना है।

वहीं, जेडीयू ने भी कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि ऐसी भाषा से कांग्रेस की मानसिकता सामने आ गई है। उन्होंने इसे बिहार के मेहनतकश लोगों का अपमान करार दिया।

विवाद बढ़ता देख कांग्रेस पार्टी को भी सफाई देनी पड़ी। पार्टी का कहना है कि ट्वीट का मकसद किसी राज्य या समाज को ठेस पहुँचाना नहीं था, बल्कि केवल कर व्यवस्था को लेकर एक व्यंग्य किया गया था लेकिन राजनीतिक बयानबाज़ी थमने का नाम नहीं ले रही।

बिहार के नेताओं ने क्या कहा

गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने ANI से कहा, “देश भर के कांग्रेस नेता और बिहार में सभी राजद नेता बिहारियों का अपमान करने में आनंद लेते हैं। उन्हें बिहारियों और बिहारी गौरव को अपमानित करने में गर्व महसूस होता है। बिहार की जनता ऐसे सभी लोगों को सबक सिखाएंगे जो बिहारियों और उनके स्वाभिमान को ठेस पहुँचाते हैं… वे (राहुल गांधी और तेजस्वी यादव) क्या कहेंगे, वे ही हैं जो उनसे यह सब कहलवाते हैं…”

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा, यह दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। बिहारियों का इस तरह से अपमान करना, जिसका जवाब पूरा देश देगा… भगवान बुद्ध से लेकर, महावीर और गोविंद सिंह साहेब, सभी की पृष्ठभूमि बिहार रही है…देश के किसी भी प्रान्त पर यदि कोई भी प्रश्न उठाता है या उसका अपमान करता है, तो वह व्यक्ति मां भारती की संतान नहीं हो सकता।

बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने केरल कांग्रेस के ‘बी फॉर बीड़ी और बी फॉर बिहारी…’ वाले ट्वीट (जो अब डिलीट हो गया है) पर न्यूज एजेंसी ANI से कहा, “कांग्रेस पार्टी के मन में बिहारी लोगों के प्रति क्या भाव है, इसी से समझ आता है। कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है और उनके मन में बिहार जैसे इतने बड़े राज्य के लोगों के प्रति इस तरह की ईर्ष्या और घृणा की भावना है… क्योंकि बीड़ी में GST घटा दिया गया तो ‘बी से बिहारी और बी से बीड़ी’ हो गया? इससे समझ आता है कि उनके मन में कितनी घृणा है… हम पीछे रह गए हैं और यह बात सत्य भी है लेकिन आने वाले 5 साल में हम किसी भी राज्य से पीछे नहीं रहेंगे…”

वहीं राजद के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कांग्रेस का बचाव करते हुए न्यूज़ एजेंसी की को बयान दिया है:
“जिस GST को लेकर केरल कांग्रेस ने ट्वीट किया था उसे उन्होंने डिलीट भी कर दिया। बिहार के मान-सम्मान, स्वाभिमान से पूरा देश परिचित है लेकिन यह भाजपा वाले हमें क्या ज्ञान देंगे?…इन लोगों ने इन्हीं सब विषयों में महारथ हासिल की है। असल मुद्दों पर वे बात ही नहीं करेंगे।”

https://twitter.com/AHindinews/status/1963859693702377904?t=autoqS5nFzur8wOmrNUzdQ&s=19

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *