बिहार चुनाव 2025: महागठबंधन में सीट बंटवारे पर अखिलेश सिंह का बड़ा बयान
बिहार विधानसभा चुनाव: महागठबंधन में सीट बंटवारे पर अंतिम दौर की चर्चा, जल्द हो सकता है ऐलान
बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा हो चुकी है और जल्द ही नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू होने वाली है। ऐसे में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। हालांकि, महागठबंधन और NDA गठबंधन में अब तक सीट बंटवारे का मसला पूरी तरह से सुलझा नहीं है। इस बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी दिल्ली पहुंचे हैं। वे एक अदालती मामले में पेशी के लिए वहां पहुंचे हैं, लेकिन ऐसी संभावना भी जताई जा रही है कि उनकी जल्द ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात हो सकती है।

इन तमाम राजनीतिक गतिविधियों के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने सीट बंटवारे को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि महागठबंधन में सीटों को लेकर सभी बातचीत पूरी हो चुकी है और किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है। उन्होंने कहा, “सब बातचीत हो गई है, कोई समस्या नहीं है। कल तक इंतजार करिए, सब कुछ तय हो जाएगा।”
अखिलेश प्रसाद सिंह ने यह भी बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और आरजेडी के नेताओं के बीच फोन पर बातचीत हो चुकी है। उन्होंने यह स्वीकार किया कि अंतिम समय में कुछ मतभेद सभी गठबंधनों में सामने आते हैं, चाहे वह एनडीए हो या महागठबंधन, लेकिन यह सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि एक-दो दिनों के भीतर महागठबंधन द्वारा सीटों का आधिकारिक ऐलान कर दिया जाएगा।
दिल्ली पहुंचने के बाद राजद नेता तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा, “हम दिल्ली अदालत के बुलावे पर आए हैं, इसलिए यहां मौजूद हैं।”

इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने भी सीट बंटवारे को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा, “कोई पेंच नहीं फंसा है। मुलाकात होगी तभी तो आगे सीटों के बंटवारे की घोषणा होगी। भाजपा को जो उम्मीद थी कि महागठबंधन में कोई पेंच फंसेगा, उस पर अब पानी फिर गया है। हम सभी एकजुट होकर चुनाव लड़ रहे हैं।”
कुल मिलाकर, महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर अंतिम दौर की बातचीत जारी है और जल्द ही इसका औपचारिक ऐलान होने की संभावना है।

Author
संजना झा पत्रकारिता के क्षेत्र में 8 वर्षों से अधिक का अनुभव रखती हैं। वर्तमान में वह हिंदी माइक में बतौर असिस्टेंट एडिटर कार्यरत हैं। उन्हें समसामयिक घटनाएँ, राजनीति एवं लाइफस्टाइल जैसे विषयों में गहरी समझ और लेखन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपनी खोजपरक दृष्टि, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विषयों की गहराई तक पहुंचने की शैली के लिए वह जानी जाती हैं।
ज्वाइनिंग डेट: 16 अगस्त 2025

