चेन्नई में ई-स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का शुभारंभ

युवाओं में ई-स्पोर्ट्स को करियर के रूप में बढ़ावा देने पर सरकार का जोर

तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में शनिवार को “चेन्नई ई-स्पोर्ट्स ग्लोबल चैंपियनशिप” की शुरुआत शानदार तरीके से हुई। इस प्रतियोगिता का शुभारंभ राज्य के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने किया। कार्यक्रम के प्रारंभिक चरण में प्रसिद्ध ऑनलाइन गेम काउंटर स्ट्राइक 2 टूर्नामेंट का आयोजन हुआ, जिसमें देशभर के विभिन्न हिस्सों से कई टीमें भाग लेने पहुंचीं। उदयनिधि स्टालिन ने विजेता टीम को ट्रॉफी और सम्मान प्रदान करते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ दीं।

यह आयोजन युवाओं में बढ़ती डिजिटल गेमिंग की रुचि को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम स्थल पर सैकड़ों गेमिंग प्रेमी, तकनीकी विशेषज्ञ, कॉलेज विद्यार्थी और ई-स्पोर्ट्स के पेशेवर खिलाड़ी मौजूद रहे। आयोजन के दौरान पूरे वातावरण में जोश और प्रतिस्पर्धा का माहौल दिखाई दिया।

इस अवसर पर उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि तमिलनाडु सरकार का लक्ष्य युवाओं को तकनीकी और डिजिटल नवाचार की दिशा में आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि सरकार भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करेगी ताकि राज्य के युवा वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा सकें। उन्होंने ई-स्पोर्ट्स को एक उभरते हुए रोजगार क्षेत्र के रूप में देखते हुए कहा कि यह केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि करियर का एक नया मार्ग है।

उदयनिधि ने यह भी कहा कि भारत में ई-स्पोर्ट्स उद्योग तेजी से आगे बढ़ रहा है और तमिलनाडु इस क्षेत्र में अग्रणी बनने की क्षमता रखता है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे अपनी ऊर्जा और रचनात्मकता को सकारात्मक दिशा में लगाएँ और तकनीक को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों ने कहा कि ऐसे आयोजन से उन्हें आत्मविश्वास, टीमवर्क और तकनीकी ज्ञान बढ़ाने का अवसर मिलता है। कई प्रतिभागियों ने तमिलनाडु सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य स्तर पर ऐसे कार्यक्रम युवाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने में मददगार साबित होंगे।

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *