दिल्ली धमाके पर कैबिनेट की सख्त प्रतिक्रिया

सरकार ने पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी, जांच एजेंसियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

नई दिल्ली, 12 नवंबर: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आज अपनी बैठक में 10 नवंबर को लाल किले के पास हुई कार विस्फोट की घटना की कड़ी निंदा करते हुए एक शोक प्रस्ताव पारित किया। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रियों ने हमले में मारे गए और घायल हुए नागरिकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

प्रस्ताव केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पढ़ा, जिसमें कहा गया कि,

“देश ने 10 नवंबर को लाल किले के पास एक कार विस्फोट के माध्यम से राष्ट्र-विरोधी ताकतों द्वारा अंजाम दी गई एक जघन्य आतंकवादी घटना देखी है। मंत्रिमंडल निर्देश देता है कि घटना की जांच अत्यंत तत्परता और पेशेवर तरीके से की जाए, ताकि अपराधियों, उनके सहयोगियों और प्रायोजकों की पहचान कर उन्हें शीघ्र न्याय के कटघरे में लाया जा सके।”

मंत्रिमंडल ने स्पष्ट किया कि सरकार आतंकवाद के प्रति “शून्य सहिष्णुता” (Zero Tolerance) की नीति पर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रस्ताव में कहा गया कि भारत की सुरक्षा, एकता और अखंडता से समझौता करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने सुरक्षा एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रारंभिक जांच में जो भी सबूत मिले हैं, उन्हें वैज्ञानिक और तकनीकी विश्लेषण के साथ जोड़ा जाए ताकि जांच में कोई कमी न रहे।

सूत्रों के अनुसार, एनआईए, दिल्ली पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम लगातार घटनास्थल की जांच कर रही है। धमाके में इस्तेमाल हुए वाहन के पंजीकरण विवरण, विस्फोटक पदार्थ की प्रकृति और संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।

सरकारी सूत्रों का कहना है कि अब तक कई संदिग्धों से पूछताछ की जा चुकी है, और कुछ अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। एजेंसियां विदेशी वित्तपोषण या डिजिटल संपर्कों के कोण से भी जांच आगे बढ़ा रही हैं।

मंत्रिमंडल ने अंत में नागरिकों से संयम बरतने, शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की।

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *