मोकामा हत्याकांड में बाहुबली अनंत सिंह गिरफ्तार

मुख्य आरोपी अनंत सिंह और दो अन्य को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा, 80 से अधिक लोगों से पूछताछ जारी

पटना, बिहार – मोकामा हत्याकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जेडीयू प्रत्याशी और बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह को गिरफ्तार कर देर रात पटना पहुंचाया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें एसएसपी ऑफिस के DIU सेल में रखा गया है। इस कार्रवाई के बाद से राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज़ हो गई है।

जानकारी के मुताबिक, दुलारचंद यादव हत्या मामले में अनंत सिंह को मुख्य आरोपी बनाया गया है। इसके साथ ही, पुलिस ने अनंत सिंह के दो सहयोगियों — मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम — को भी गिरफ्तार किया है। तीनों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस उनकी न्यायिक हिरासत की मांग करेगी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, अभी तक 80 से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा चुकी है। वहीं, पुलिस की कई टीमें रातभर मोकामा, पंडारक और आस-पास के इलाकों में छापेमारी करती रहीं।

दुलारचंद यादव के परिजनों ने इस हत्या के मामले में कर्मवीर, राजवीर और छोटन सिंह को भी मुख्य आरोपी बताया है। पुलिस ने इनकी तलाश में भी कई जगह सर्च ऑपरेशन चलाया। साथ ही, इस केस में दूसरे पक्ष के पीयूष प्रियदर्शी समेत कई अन्य संदिग्धों पर भी पुलिस की नजर है।

पंडारक में हुई हिंसा के दौरान मिले वीडियो फुटेज और मोबाइल क्लिप्स की जांच के आधार पर पुलिस ने कई लोगों को चिह्नित किया है और पूछताछ जारी है। इस पूरी जांच पर सीनियर अफसरों की कड़ी नजर बनी हुई है।

सूत्रों के मुताबिक, 6 नवंबर को मोकामा उपचुनाव के मतदान खत्म होने के बाद अनंत सिंह और अन्य आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जा सकती है। इसके अलावा, अनंत सिंह पर इस हत्या मामले के साथ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का भी केस दर्ज किया गया है।

इस घटना के बाद से मोकामा और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है। चुनावी माहौल के बीच इस हत्या ने बिहार की राजनीति में गरमी बढ़ा दी है।

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *